दिल्ली सरकार ने विधायकों के फंड में बड़ी बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। दिल्ली कैबिनेट की बैठक में आज विधायक फंड को 10 करोड़ से बढ़कर 15 करोड़ करने का फैसला लिया गया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के नेतृत्व में आज गुरुवार को कैबिनेट बैठक बुलाई गई जिसमें यह सभी निर्णय लिए गए हैं। आम आदमी पार्टी ने इस राशि को पूरे देश में सबसे ज्यादा बताया है।

मुख्यमंत्री आतिशी ने दिल्ली सचिवालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि विधायक फंड प्रति विधायक 15 करोड़ रुपए प्रतिवर्ष किया गया। दिल्ली कैबिनेट ने आज इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अभी विधायक फंड सालाना 10 करोड़ रुपए प्रति विधायक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली का विधायक फंड पूरे देश में सबसे ज्यादा है।

सीएम आतिशी ने कहा, “पूरे देश में किसी भी राज्य में इतना विधायक फंड किसी भी सरकार में आज तक नहीं दिया है। किसी निर्वाचन क्षेत्र के लिए आंध्र प्रदेश, कर्नाटक 2 करोड़ हर साल देते हैं। उड़ीसा, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश 3 करोड़ और कई राज्य जैसे महाराष्ट्र,केरल, झारखंड, उत्तराखंड, तेलंगाना, राजस्थान 5 करोड़ प्रति वर्ष विधायक फंड के तौर पर देते हैं और दिल्ली 15 करोड़ रुपए प्रति वर्ष विधायक फंड देगी। यह पूरे देश में सबसे ज्यादा है बल्कि सभी स्टेट से तीन गुना ज्यादा है।”

आखिर PWD ने क्यों सील किया मुख्यमंत्री आतिशी का बंगला? दिल्ली के सीएम आवास को लेकर क्या है विवाद?

फरवरी 2025 में होंगे दिल्ली विधानसभा चुनाव

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में सरकार शहर के लोगों की बेहतरी के लिए काम कर रही है, चाहे वे झुग्गियों में रह रहे हों या बंगलों में। पिछले 10 साल से दिल्ली की सरकार अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली के लोगों के लिए काम करती आई है।”

जरूरत पड़ी तो सड़क पर बैठकर सरकार चलाएंगे- आतिशी

दिल्ली की सीएम आतिशी ने कहा, “बीजेपी परेशान है क्योंकि वह हमें चुनाव में हरा नहीं सकती। जब वह सरकार नहीं बना पाती तो ऑपरेशन लोटस शुरू करती है और फिर नेताओं को जेल में डाल देती है। अब वे सीएम आवास पर कब्जा करने की सोच रहे हैं। हम यहां बड़े बंगलों में रहने के लिए राजनीति में नहीं आएं। जरूरत पड़ी तो सड़क पर बैठकर भी सरकार चलाएंगे, हम दिल्ली की जनता के दिलों में रहते हैं।”

गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी में होने हैं।