बाहरी दिल्ली के बेगमपुर इलाके के जंगल में सोमवार सुबह एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। आम आदमी पार्टी (आप) ने युवक की पहचान धीरेंद्र उर्फ ईश्वर (32) के रूप में की है। आप ने उसे पूर्वांचल प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष बताया है। आप के दिल्ली प्रदेश प्रभारी दिलीप पांडेय ने कहा कि हमारे एक समर्पित कार्यकर्ता और आप की पूर्वांचल शाखा के अध्यक्ष धीरेंद्र की रविवार रात किसी ने नृशंस हत्या कर दी। पुलिस को जल्द से जल्द हत्यारे को गिरफ्तार करना चाहिए। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्विट कर इस खबर पर दुख जताया।
सूत्रों के मुताबिक धीरेंद्र मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। रविवार देर रात वह घर नहीं लौटा। सोमवार सुबह घर से कुछ ही दूरी स्थित जंगल में उसका शव मिला। उसके गर्दन कटा हुआ था और जननांग क्षत-विक्षत था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक धीरेंद्र की हत्या किसी धारदार हथियार से रेतकर की गई है। उसके पूरे शरीर पर चोटों के निशान हैं। पुलिस को लगता है कि उसके शव को जानवरों ने भी खाया है। पुलिस इस मामले की अवैध संबंध, रंजिश और लूटपाट नजरिए से भी जांच कर रही है।
पुलिस जांच के दायरे में धीरेंद्र के परिजन, दोस्त और रिश्तेदार भी हैं। धीरेंद्र पहले रोहिणी में रहता था। कुछ ही दिन पहले ही वह बेगमपुर में परिवार के साथ रहने आया था। वह एक्यूप्रेसर से इलाज का काम करता था। वह आप की स्थापना के बाद ही उसमें सक्रिय था। उसके परिवार में पत्नी, दो साल की बेटी और एक बड़ा भाई है। दीपावली के आसपास उसकी पत्नी ने एक बेटे को जन्म दिया था लेकिन 15 दिन में ही नवजात की मौत हो गई थी।