Sanjay Singh Allegations: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने एक गंभीर आरोप लगाया है। आप नेता ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि दिल्ली के एलजी के संरक्षण में एक महिला डॉक्टर का शोषण पिछले एक डेढ़ साल से चल रहा है। उसकी शिकायत भी बार-बार हो रही है और एलजी शोषण करने वाले एमएस को बचाने में लगे हुए हैं।
संजय सिंह ने कहा कि वह महिला के खिलाफ जांच करवा रहे हैं। यह अपने आप में हैरान करने वाली बात है। उन्होंने आगे कहा कि शायद इसीलिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी ने एलजी को ट्रांसफर-पोस्टिंग और कार्यवाही का अधिकार दिया हुआ है। जितने भी ऐसे महिलाओं का शोषण करने वाले लोग हैं उनका संरक्षण करने का काम दिल्ली के एलजी का है।
संजय सिंह ने कहा कि यह घटना दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल की है। वहां काम करने वाली एक महिला डॉक्टर की पीड़ा है। उसके साथ हो रहे उत्पीड़न की एक नहीं बहुत सारी घटनाएं हैं, लेकिन उस पर दिल्ली के एलजी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कोई भी कार्रवाई नहीं की।
4 महीने बाद बनी इंटरनल कमेटी
संजय सिंह ने कहा कि इस मामले में जांच के लिए 4 महीने बाद इंटरनल जांच कमिटी बनाई जाती है। जिस पीड़ित महिला ने अपने यौन शोषण की शिकायत की और सबूत दिए तो उसी महिला डॉक्टर के खिलाफ जांच शुरू कर दी। तमाम प्रताड़नाओं के बाद भी महिला झुकी नहीं और कमिटी के सामने सबूत रखे। मई महीने के दौरान जांच में यौन शोषण के आरोप सही पाए गए लेकिन बीजेपी के एलजी साहब ने आरोपी MS के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया। क्या BJP ने अपने LG और स्वास्थ्य सचिव दीपक कुमार को केवल इसलिए बिठा रखा है कि वह महिला डॉक्टर का यौन शोषण करने वाले MS को बचाएं।
एलजी कोलकाता जैसी घटना का इंतजार कर रहे- संजय सिंह
आप नेता संजय सिंह ने कहा कि विनय सक्सेना साहब क्या कोलकाता जैसी खतरनाक घटना का इंतजार कर रहे हैं। जिस MS पर अभी यौन शोषण के आरोप लगे हैं, उसके ऊपर और भी यौन शोषण करने के आरोप हैं। BJP के LG और स्वास्थ्य सचिव दीपक कुमार उसे बचा रहे हैं। पीड़ित महिला ने जब MS पर यौन शोषण के आरोप लगाए तब महिला का ही ट्रांसफ़र कर दिया गया और ऑर्डर में लिखा गया कि महिला ने आरोप लगाए हैं, इसलिए इनका ट्रांसफ़र किया जा रहा है।