मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में एक सिपाही पर नाबालिग लड़की के अपहरण और छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। केस दर्ज होने के बाद आरोपी सिपाही फरार है। घटना सोंडवा की है। सिपाही दिलीप जमरे और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ छेड़छाड़ की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है।

बताया जाता है कि सिपाही दिलीप अपने एक साथी के साथ सोंडवा की एक कॉलोनी में गया। वहां एक मामले में पूछताछ करने के लिए कॉलोनी की एक नाबालिग लड़की को अपने साथ चलने के लिए कहा। इसके बाद बाइक पर वह लड़की को बैठाकर थाने की जगह कहीं और लेकर जाने लगा। कॉलोनी के लोगों ने जब सिपाही को थाने से दूसरी दिशा में जाता देखा तो उन्होंने आशंकावश पीछा करना शुरू किया। पीछे गांववालों को आता देख दिलीप के होश उड़ गए और वह लड़की को बाइक से उतारकर फरार हो गया।

आरोप है कि बाइक से उतारते समय सिपाही ने लड़की के साथ बदतमीजी भी की। घटना के बाद लड़की के परिवारवालों ने थाने पहुंचकर हंगामा खड़ा कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। सिपाही फरार बताया जाता है।

[jwplayer tRz63wKE]