Crime News: गुजरात (Gujarat) के सूरत (Surat) में एक अनोखा मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति पर आरोप लगाया है कि उसने महिला को एचआईवी पॉजिटिव शख्स के खून का इंजेक्शन लगाया है। बताया जा रहा है कि वह शख्स अपनी पूर्व पत्नी को उसकी जिंदगी में लौटने के लिए कह रहा था, लेकिन महिला ने इनकार कर दिया, जिसके बाद वह गुस्से में आ गया और उसने इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।

यह शख्स एक ड्राईवर है और उसकी उम्र 35 साल है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। उसने खुद भी पुलिस के सामने महिला को एचआईवी पॉजिटिव शख्स के खून का इंजेक्शन लगाने की बात कबूली है। बताया जा रहा है कि उसने एक टीवी शो से प्रेरित होकर इस वारदात की योजना बनाई थी। उसने एक एचआईवी पॉजिटिव व्यक्ति के खून की भी व्यवस्था की थी।

15 साल पहले हुई थी लव मैरिज

पुलिस ने कहा कि कपल ने 15 साल पहले लव मैरिज की थी और लगभग दो महीने पहले दोनों का तलाक हो गया। दोनों के बीच काफी लड़ाई-झगड़ होते थे, जिसकी वजह से उन्होंने अलग होने का फैसला किया। जांच अधिकारी एचएन परमार ने कहा, “पूछताछ के दौरान यह पुष्टि हुई कि उसने एचआईवी संक्रमित रक्त महिला को इंजेक्ट किया था।”

टीवी शो देखकर दिया वारदात को अंजाम

रविवार को दोनों ने पूरा दिन एक साथ खरीदारी की, रेस्तरां में खाना खाया और घूमे-फिरे। शाम को थोड़ा समय अकेले बिताने के लिए दोनों मोरा भागल इलाके में एक सुनसान जगह पर गए। उसी समय महिला को गले लगाते हुए, उसने सिरिंज महिला को इंजेक्ट कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “महिला कुछ देर के लिए बेहोश हो गई और होश में आने के बाद पुलिस से संपर्क किया।” पुलिस को आरोपी की पतलून की जेब से खून मिला। शख्स ने बताया कि एक टीवी शो में उसने देखा था कि महिला को कुत्ते के खून का इंजेक्शन लगाया गया है। उसने एक कदम आगे बढ़ते हुए महिला को एचआईवी पॉजिटिव आदमी के खून का इंजेक्शन लगा दिया। एक अधिकारी ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि उसने यह खून कहां से प्राप्त किया।