मध्य प्रदेश सरकार ने अपने राज्य के नियमित कर्मचारियों को खुशखबरी दी है। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को घोषणा की कि राज्य के कर्मचारियों का डीए 20% से बढ़ाकर 31% किया जाएगा ,जिससे राज्य कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी होगी। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने यह घोषणा अपने जन्मदिन के अवसर पर की। मध्य प्रदेश सरकार के इस निर्णय से 7 लाख कर्मचारी लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल दिवाली में महंगाई भत्ता 12% से बढ़ाकर 20% किया गया था। अब इसे 20% से बढ़ाकर 31% किया जा रहा है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि, “कोरोना के कारण हम राज्य के सरकारी कर्मचारियों का डीए (DA) नहीं बढ़ा पाए थे। लेकिन अब इसे 31 प्रतिशत तक बढ़ाया जाएगा और इसका लाभ अप्रैल से मिलना शुरू हो जाएगा।” अधिकारियों ने बताया कि एमपी सरकार के इस निर्णय से करीब सात लाख सरकारी कर्मचारी लाभान्वित होंगे। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र शुरू होने से 2 दिन पहले यह घोषणा हुई है।

पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा उठाएंगे: वहीं कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि प्रमुख विपक्षी पार्टी विधानसभा में पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा उठाएगी। जैसे राजस्थान में पुरानी पेंशन बहाल हुई है ,उसी प्रकार यहां भी बहाल हो।

सफाई कर्मचारियों को भी तोहफा: शनिवार को शिवराज सिंह चौहान ने सफाई कर्मचारियों को भी अपने जन्मदिन के अवसर पर तोहफा दिया। उन्होंने ऐलान किया कि शहरों की रेटिंग के आधार पर सफाई कर्मचारियों को नगद पुरस्कार दिया जाएगा। सीएम के अनुसार जिन शहरों की स्वच्छता रेटिंग 1 स्टार होगी, वहां के सफाई कर्मचारियों को ईनाम के रूप में एक हजार रुपए नकद दिए जाएंगे। वहीं 3 स्टार रेटिंग वालों को 3 हजार रुपए, 5 स्टार रेटिंग वालों को 5 हजार और 7 स्टार रेटिंग वाले शहरों के सफाई कर्मचारियों को 7 हजार रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया कि लाडली लक्ष्मी योजना के तहत अब कॉलेजों में एडमिशन लेने वाली लड़कियों को एकमुश्त 25 हजार रुपए और दिए जाएंगे, ताकि लड़कियां अपनी पढ़ाई और बेहतर तरीके से कर सकें।