Lucknow Cylinder Blast: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार रात को भीषण अग्निकांड हुआ है। यहां पर एक घर में सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट की वजह से एक परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई है और चार लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना लखनऊ के काकोरी स्थित हजरत साहेब काकोरी कस्बे की है। यहां पर रहने वाले मुशीर अली खाना बनाने का काम करते थे। यहां पर दो सिलेंडर से खाना बनता था। प्रत्यशदर्शियों ने बताया कि पहले शॉट सर्किट से आग लगी फिर लपटों ने सिलेंडर को चेपट में ले लिया और दोनों सिलेंडर में विस्फोट हो गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद डीसीपी दुर्गेश कुमार, एडीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव, एसीपी और सीएफओ व दमकल विभाग की टीम पहुंच गई।
दमकलकर्मियों ने लोगों का किया रेस्क्यू
पुलिस ने बिजली विभाग को जानकारी देकर लाइट बंद करवा दी थी। दमकलकर्मियों ने मशक्कत कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। काकोरी पुलिस ने इन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतक लोगों की पहचान मुशीर अली और उनकी पत्नी हुस्ना बानो, भांजी हुमा, हिबा और भतीजी राईया के रूप में हुई है। वहीं, मुशीर की दो बेटियां, एक भांजी और लड़का अजमत घायल हो गए हैं। मंगलवार को मुशीर की शादी की सालगिरह थी। बहनोई अजमत तीन बच्चों संग मुशीर के यहां आया था।
पुलिस मामले की जांच करने में जुटी हुई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बचावकर्मियों को धुएं की वजह से लोगों को रेस्क्यू करने में बड़ी परेशानी हुई। स्थानीय लोगों के द्वारा भी दमकलकर्मियों का सहयोग किया गया था। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।