हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिल को दुखाने वाली खबर सामने आई है। यहां डबुआ कॉलोनी में दूसरी मंजिल से गिरने से 4 साल के बच्चे की मौत हो गई। वह गली से जा रही अपनी बड़ी बहन को बाय बोल रहा था। उसी समय उसका बैलेंस बिगड़ गया और वह जमीन पर गिर गया। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए मगर उसकी जान नहीं बची। यह घटना सीसीटीवा में कैद हो गई।

दूसरी मंजिल से गिरा बच्चा

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, 4 साल का बच्चा दूसरी मंजिल से गली में जा रही अपनी बड़ी बहन को हाथ हिलाते हुए बोल रहा था। इसी समय वह अचानक गली में गिर गया। बहन ने दौड़कर उसे अपनी गोद में उठाया। बच्चे के माता-पिता भी उसके पास पहुंचे। वे फौरन बच्चे को फरीदाबाद के ESI अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने कहा कि बच्चे की हालत नाजुक है। उसे दिल्ली भेजना पड़ेगा मगर इलाज के दौरान वहीं पर उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत होते ही घर में मातम छा गया। माता-पिता सदमे में है।

परिजन से डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप

बच्चे के पिता का कहना है कि ESI के डॉक्टर ने ठीक से इलाज नहीं किया। उन्होंने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया। पिता के अनुसार, उनके पास ESI कार्ड है इसलिए वे बच्चे को ESI अस्पताल ले गए। उन्हें विश्वास था कि वहां बच्चे का सही से इलाज होगा मगर डॉक्टर ने गंभीरता से इलाज नहीं किया। जिस कारण बच्चे की मौत हो गई।

5 बहनों का था इकलौता भाई

पिता का कहना है कि 5 बेटियों के बाद उन्हें घर बेटा पैदा हुआ था। वह 5 बहनों को इकलौता भाई था। वह सबसे छोटा था। अब तो घर का चिराग ही बुझ गया। उनका कहना है कि उनके बेटे की जान लापरवाही बरतने के कारण गई है। वे चाहते हैं कि डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।