शिवपाल यादव के नेतृत्व वाली प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने मंगलवार को अपने 31 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट के मुताबिक पार्टी मुखिया शिवपाल यादव उत्तर प्रदेश की फिरोजाबाद सीट से चुनाव लड़ेंगे। गौरतलब है कि फिरोजबाद, सपा की पारंपरिक सीट मानी जाती है और यहां से आगामी चुनावों में रामगोपाल यादव के बेटे और अखिलेश यादव के चचेरे भाई अक्षय यादव चुनाव लड़ रहे हैं। इस तरह शिवपाल यादव अपने ही भतीजे के खिलाफ चुनावी ताल ठोकेंगे। फिरोजाबाद सीट पर समाजवादी पार्टी का अच्छा-खासा प्रभाव है और बीते आम चुनावों में मोदी लहर के बावजूद सपा फिरोजाबाद सीट पर जीत हासिल करने में कामयाब रही थी। पिछली बार भी अक्षय यादव ही सपा के टिकट पर संसद पहुंचे थे। वहीं शिवपाल यादव प्रदेश की राजनीति का बड़ा नाम माने जाते हैं। ऐसे में फिरोजाबाद सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद की जा रही है।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर समेत कुल 31 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। उल्लेखनीय है कि पार्टी ने रामपुर सीट पर भी अपने उम्मीदवार का ऐलान किया है। माना जा रहा है कि रामपुर सीट से सपा की तरफ से उसके कद्दावर नेता आजम खान चुनाव लड़ सकते हैं। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) की लिस्ट के मुताबिक सहारनपुर से हाजी मोहम्मद उवैश, मुजफ्फरनगर से डॉ.ओमवीर सिंह, बिजनौर से चौधरी ईलम सिंह गुर्जर, मेरठ से डॉ.नासिर अली, बागपत से गजेन्द्र सिंह बली, गाजियाबाद से सेवाराम कसाना, गौतमबुद्धनगर से नावेद पठान को टिकट दिया गया है।
Uttar Pradesh: Pragatisheel Samajwadi Party founder Shivpal Yadav to contest Lok Sabha elections from Firozabad seat against nephew Akshay Yadav. pic.twitter.com/094ybyH2xc
— ABP News (@abpnewstv) March 19, 2019
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया शिवपाल यादव ने प्रदेश के करीब आधा दर्जन छोटे दलों को साथ लाकर प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक अलायंस बनाने की घोषणा की है। शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए सारे विकल्प खुले हैं। हम छोटी पार्टियों से आह्वान करते हैं कि हमारे साथ आएं और गठबंधन में शामिल हों।