Lok Sabha Election 2019 से ठीक पहले सक्रिय राजनीति में आई प्रियंका गांधी अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गढ़ गुजरात में भी छा रही हैं। दरअसल सूरत के बाजार में ‘मोदी प्रिंट’ के बाद अब ‘प्रियंका प्रिंट’ की साड़ियां जमकर बिक रही हैं। यहां के कपड़ा व्यापारियों ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की तस्वीर वाली साड़ियां बनाई हैं। व्यापारियों का कहना है कि गुजरात ही नहीं दूसरे राज्यों में भी ‘प्रियंका प्रिंट’ साड़ियों की डिमांड बढ़ी है। बाजार में इन साड़ियों की 3-4 वैरायटी भी उपलब्ध है। लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं वैसे-वैसे इनकी लोकप्रियता बढ़ती जा रही है। कांग्रेस और बीजेपी जनता को अपने नेताओं की तरफ आकर्षित करने की हर कोशिश कर रही हैं।

कभी मोदी जैकेट का भी था बहुत क्रेजः बता दें जिस तरह इस समय मोदी और प्रियंका की फोटो वाली साड़ियां लोकप्रिय हो रही हैं उसी तरह साल 2014 में मोदी जैकेट की भी बहुत डिमांड थी। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जैकेट का पैटर्न आज भी खासा लोकप्रिय है। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फोटो वाली पतंगें और राखियां भी देश में खासी लोकप्रिय रही हैं।

प्रियंका का सियासी सफर… तीन दशक में यू बढ़ीं राजीव की बेटी

प्रियंका को ट्रंप कार्ड मान रही है कांग्रेसः गौरतलब है कि हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी को महासचिव बनाने के साथ-साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी भी सौंपी है। उन्हें राज्य में 42 सीटों का जिम्मा सौंपा गया है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को तुरुप का इक्का मान रहे हैं। हाल ही में लखनऊ में राहुल, प्रियंका और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक रोड शो किया था जिसमें जबर्दस्त भीड़ देखने को मिली थी। प्रियंका की एंट्री के साथ ही उनके समर्थन में कई रोचक और कुछ विवादित पोस्टर भी देखने को मिले थे।