बिहार में संक्रमण की रफ्तार और तेज हुई है। जहां 707 का आंकड़ा पूरा होने में 50 दिन लगे थे। वहीं 11-17 मई के बीच 619 लोग संक्रमित पाए गए। अब एक हफ्ते यानी 18 से 24 मई के दौरान यह आंकड़ा 1248 पर पहुंच गया है। मसलन सात दिनों में दोगुने से ज्यादा। इतवार को एक दिन में 180 मरीज कोरोना सकारात्मक पाए गए है। 24 मई तक कुल 2574 हुए। हालांकि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के मुताबिक 702 लोग स्वस्थ भी हुए है।
बीते हफ्ते तक नौ लोगों की मौतें हुई थी। जो अब बढ़कर 13 हो गई। मसलन 18-24 मई के बीच चार लोगों की मौतें भी हुई है। 2574 संक्रमित में से 702 मरीज स्वस्थ हुए है। और 1859 अभी भी इलाजरत है। इनमें 18 से 24 मई के बीच 1248 लोग संक्रमण के शिकार मिले है। राज्य में पटना 200 संक्रमितों की संख्या के साथ अव्वल है। वहीं रोहतास 165 , मुंगेर 146, बेगूसराय 139, मधुबनी 136, कटिहार 123, खगड़िया 118, बक्सर 114, जहानाबाद 107 , नालंदा 84, बांका 83, भागलपुर 78 है। वैसे बिहार के 38 सभी ज़िले चपेट में है। जिनमे अररिया और शिवहर ही दो ज़िले है जहां संक्रमितों की संख्या एक अंक में है। यहां क्रम से 5 और 6 लोग संक्रमित है।
इस तरह कमोवेश सूबे के सभी 38 ज़िले कोरोना संक्रमण की चपेट में है। जमुई ज़िला बहुत दिनों तक बचा था। मगर बीते हफ्ते दो रोज में 14 और इस हफ्ते बढ़कर 28 मरीज सकारात्मक हो गए है। स्वास्थ्य महकमा के आंकड़ों से यह भी जाहिर हुआ कि केवल सात दिनों में 619 सकारात्मक मरीज मिले थे। जबकि इस हफ्ते 1248 की बढ़ोतरी हुई। मसलन हरेक हफ्ते में रफ्तार तेज हो रही है। जबकि बचे 707 मरीज का आंकड़ा पूरा होने में 22 मार्च से 10 मई यानि 50 दिन लगे थे।
इधर श्रमिकों को लेकर विशेष ट्रेनों के आने का सिलसिला जारी है। इसके अलावे लोग ट्रकों व दूसरी सवारी से भी बिहार आ रहे है। इन्हें क्वारंटाइन किया जा रहा है। भागलपुर ज़िले में 419 शिविरों में 27423 अपने घर लौटे मजदूरों को एकांतवास में रखा गया है। आधिकारिक तौर पर बताया जा रहा है कि अबतक 27 लाख 57 हजार 094 लोगों का सर्वे किया गया है।
बिहार के पृथक शिविरों में रह रहे लोगों का हालचाल खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ले रहे है। इतवार को भागलपुर के जगदीशपुर प्रखंड के क्वारंटाइन कैंप के लोगों से उन्होंने बातचीत की। मुख्यमंत्री शिविर की व्यवस्था , खानपान और उनके काम के बारे में पूछा और बोले अब बिहार में ही रहना है। यहीं काम मिलेगा। राज्य के विकास में अपने हुनर का इस्तेमाल कीजिए। मुख्यमंत्री ने राज्य में 13 संक्रमित लोगों के परिजनों को कोविड-19 के तहत चार-चार लाख रुपए देने का ऐलान किया है।
