देश में नाबालिग और छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही है। मंदसौर और कठुआ जैसे मामले सामने आने के बाद भले ही लोग सड़कों पर उतर आरोपियों के लिए फांसी की मांग कर रहे हैं। सरकार भी कड़े कानून बनाने का काम कर रही है। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं रूक नहीं रही है। ताजा मामला मध्यप्रदेश का है, जहां रिश्तेदारों ने घर में सो रही एक नाबालिग लड़की को उठाकर छत पर ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। लड़की की उम्र 14 वर्ष बताई जा रही है। वहीं तीनों आरोपी भी नाबालिग हैं। घटना मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के एक गांव की है। सभी आरोपी लड़की पड़ोस में ही रहते थे। वे अक्सर पीडि़ता के घर आते-जाते थे। राज्य में 15 दिनों के अंदर यह इस तरह की पांचवी घटना है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने बताया कि छतरपुर जिले के बुंदेलखंड इलाके के खजुराहो थाना क्षेत्र में एक 14 साल की लड़की के साथ तीन नाबालिग लड़कों ने दुष्कर्म किया। घटना शुक्रवार की है, लेकिन इसकी प्राथमिकी शनिवार को दर्ज की गई। पीड़िता अपने घर में सो रही थी, तभी आरोपी आये और उसे जबरदस्ती उठाकर छत पर ले गए। सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान पीड़िता के परिवार के किसी सदस्य को कुछ पता नहीं चला। सभी आरोपी पड़ोस में रहते हैं और पीड़िता के रिश्तेदार बताये जाते हैं। खजुराहो थानध्यक्ष प्रशांत मिश्रा ने बताया कि आईपीसी की धारा 376 और पॉक्सो एक्ट तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पीड़िता की हालत स्थिर बनी हुई है। उसे मेडिकल जांच के लिए छतरपुर जिला अस्पताल भेजा गया है।
बता दें कि इससे पहले पिछले मंगलवार को सागर जिले में एक 14 वर्षीय आदिवासी लड़की के साथ चार लोगों ने गैंगरेप किया था। 26 जून को मंदसौर में आठ साल की लड़की के साथ दो लोगों ने बलात्कार किया था। 28 जून को जबलपुर जिले में तीन लोगों ने 15 वर्षीय लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। वहीं, एक जुलाई को चार साल की लड़की को सतना में दरिंदों ने अपनी हवस का शिकार बनाया था।