कांग्रेस के स्थापना दिवस से एक दिन पहले पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का विदेश दौरा विवादों में घिर गया। पार्टी को एक के बाद एक बयान जारी कर लगातार सफाई देने पड़ रही है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राहुल का बचाव करते हुए कहा कि वो अपनी नानी को देखने इटली गए हैं। इसमें गलत क्या है? हर किसी को निजी दौरे पर जाने का अधिकार है। उन्होंने भाजपा पर निचले दर्ज की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वो राहुल गांधी को सिर्फ इसलिए निशाना बना रहे हैं क्योंकि वो सिर्फ एक नेता को टारगेट करना चाहते हैं।
आज यानी 28 दिसंबर, 2020 को कांग्रेस का 136वां स्थापना दिवस है। इस मौके पर राहुल के ना होने पर पार्टी नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा- हम पहले ही बता चुके हैं कि राहुल गांधी एक छोटी व्यक्तिगत यात्रा पर विदेश गए हैं, जो जल्द भारत लौट आएंगे। बता दें कि राहुल की विदेश यात्रा और पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी स्वास्थ्य कारणों से कांग्रेस स्थापना दिवस कार्यक्रमों में भाग नहीं ले सके। ऐसे में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पार्टी कार्यक्रमों की कमान संभाली। इस बीच मीडिया ने उनसे राहुल गांधी के भारत में ना होने पर सवाल पूछा तो उनसे जवाब देते ना बना और आगे चली गईं।
इधर एबीपी न्यूज ने कांग्रेस मुख्यालय में उसके संवाददाताओं के हवाले से बताया कि राहुल के ना होने से पार्टी कार्यकर्ताओं में मायूसी है। माना जाता है कि राहुल गांधी ने ऐसा कर संदेश देने की कोशिश की है वो पार्टी के दोबारा अध्यक्ष नहीं बनना चाहते हैं। दौरान कांग्रेस दफ्तर के बाहर खूब जोर-जोर से राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगा रहे लोगों ने भी उनके ना होने पर मायूसी जाहिर की।
स्थापना दिवस पर राहुल गांधी के भारत में ना होने पर भाजपा ने निशाना साधा है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत में छुट्टी खत्म हो गईं इसलिए राहुल गांधी इटली चले गए। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज चौहान ने कहा- कांग्रेस इधर अपना 136वां स्थापना दिवस मना रही है और राहुल जी ‘9 2 11’ हो गए। बता दें कि राहुल गांधी रविवार सुबह कतर एयरवेज की उड़ान से इटली में मिलान रवाना हुए। उनकी नानी इटली में रहती हैं और वह पहले भी उनसे मिलने गए थे।

