-
अगर आपको लगता है कि गर्मी से आप ही सबसे ज्यादा परेशान हैं तो जरा दिल्ली के चिड़िया घर और उसमें रहने वाले सैंकड़ो जानवरों के बारे में सोचिए। साथ ही सोचिए उनकी देखभाल करने वाले रियाज खान के बारे में। वहां एक जानवर को 2 डिग्री तापमान चाहिए तो किसी को 40 डिग्री की ही आदत है। ऐसे में रियाज खान किस जानवर के लिए क्या खास तैयारियां करते हैं, जानिए-

हाथी: गर्मी की वजह से यहां रहने वाले दो हाथियों की मॉर्निंग वॉक 1 घंटे से घटाकर 45 मिनट कर दी गई है। हाथियों के लिए तापमान 21-28 डिग्री रखना पड़ता है। उन्हें 8 किलो केले का हल्का नाश्ता दिया जाता है जो उन्हें गर्मी में राहत देता है। इसके साथ ही उन्हें आंवला भी खिलाया जाता है। -
फिर दोपहर में उन्हें नहलाया जाता है जिससे उनमें चुस्ती रहती है। हाथियों के लिए कभी-कभी खिचड़ी भी तैयार की जाती है।
-
टाइगर: चिड़ियाघर में 2 बड़े टाइगर और उनके 4 बच्चे हैं। इनमें से एक विजय भी है जिसने पिछले साल मकसूद नाम के एक शख्स की जान ले ली थी।
-
इस बार उसे ठंडा रखने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है। इन सबके लिए तापमान को 20-35 डिग्री होना चाहिए।
-
टाइगर को पूरे दिन में बस एक ही बार खाना दिया जाता है। इसमें 10 किलो भैंस का मीट होता है जिसे दोनों टाइगर और उनके बच्चों में बांट दिया जाता है। इसके साथ ही पूल के पानी में ग्लूकोज भी मिलाया जाता है।
-
भालू: यहां पर दो अलग तरह के भालू रहते हैं। एक को 20-30 डिग्री में रहने की आदत है तो बाकी 6 को -2 से 18 डिग्री के बीच। सभी के लिए तरबूज, खीरे, खरबूज, चीकू लाए जाते हैं। चिड़िया घर के भालुओं को खीर भी दी जाती है।
-
तेंदुआ: चिड़ियाघर में एक ही तेंदुआ है। इसके लिए तापमान 20-30 डिग्री के बीच रहना चाहिए। गर्मियों को देखते हुए तेंदुए को भी ग्लूकोज वाला पानी मिलता है। इसके साथ ही मौसम को देखते हुए उसको 8 किलो की जगह पांच किलो मीट ही दिया जाता है। उसके कमरे में एक कूलर भी लगाया गया है।
-
हिरण: चिड़ियाघर में कुल 100 हिरण हैं। सभी को 25-30 डिग्री में रहने की आदत है। हिरण की सेहत पर खास ध्यान इसलिए दिया जा रहा है क्योंकि हाल में फैली रेबीज से चिड़ियाघर के 16 हिरणों की मौत हो गई थी। इन सबकी देखरेख के लिए अब 30 लोगों की टीम लगा दी गई है।
-
पक्षी: यहां पक्षियों की 30 प्रजाति रहती हैं। इन सभी को 20-30 डिग्री के तापमान में रहने की आदत है। गर्मियों में सभी के लिए सेब और तरबूज लाए जाते हैं।
-
200 कर्मचारी: चिड़ियाघर की देखभाल के लिए 200 कर्मचारियों का स्टाफ लगा हुआ है। इन सबपर नजर रखने का काम रियाज खान करते हैं। उन्हें यह भूमिका निभाते हुए 28 साल हो गए हैं।