शादी करने की जिद से नाराज होकर प्रेमी ने प्रेमिका पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के ताबड़तोड़ 32 वार कर प्रेमी मौके से फरार हो गया। प्रेमिका के चीखने की आवाज सुनकर पहुंचे आस-पड़ोसियों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने उसे दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया। थाना सेक्टर-49 पुलिस ने बुधवार दोपहर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर प्रेमिका पर धोखा देने का आरोप लगाया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-73 के कृष्णा अपार्टमेंट में प्रेमिका अपने प्रेमी वरुण गोयल के साथ लिव इन में रहती थी। मंगलवार रात को प्रेमिका ने वरुण से शादी करने की जिद की। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी के बीच वरुण रसोई से चाकू उठा लाया। उसने प्रेमिका को 32 बार चाकुओं से गोद दिया। चीखने और शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने जख्मी हालत में प्रेमिका को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे दिल्ली के अस्पताल भेज दिया गया है। वारदात को अंजाम देकर वरुण रात को ही फ्लैट से फरार हो गया था। उसे बुधवार दोपहर थाना सेक्टर- 49 पुलिस ने गिरफ्तार किया।

मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली लड़की सेक्टर-63 की एक निजी कंपनी में काम करती है। करीब डेढ़ साल पहले वरुण गोयल सेक्टर-61 के जिम में बतौर ट्रेनर काम करता था। तभी दोनों की मुलाकात हुई थी। उसके बाद वरुण ने इंदिरापुरम में अपना जिम खोल लिया। एक साल से दोनों लिव इन में सेक्टर- 73 के कृष्णा अपार्टमेंट में रह रहे थे। बताया गया है कि प्रेमिका अकसर शादी करने की जिद करती थी। वरुण किसी न किसी बहाने से उसे टाल देता था। अलबत्ता मंगलवार रात को शादी करने की जिद से नाराज होकर वरुण ने उसे चाकुओं से गोद दिया। पुलिस के मुताबिक, ने जिस बेरहमी से लड़की को चाकुओं से गोदा है, उसकी वजह महज नाराजगी नहीं हो सकती है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।