उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मरीज के परिजनों ने एक डॉक्टर की अस्पताल परिसर में ही पिटाई कर दी है। इन लोगों का कहना है कि अस्पताल ने मरीज के ऑपरेशन में लापरवाही बरती जिस कारण उसकी मौत हो गई। डॉक्टर के साथ मारपीट का ये पूरा प्रकरण वहीं पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिस डॉक्टर के साथ मारपीट हुई है उनका नाम डॉक्टर संजीव यादव है। संजीव यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। संजीव बुलंदशहर के हेरिटेज हॉस्पिटल के संचालक भी हैं।
परिजनों ने डॉक्टर संजीव यादव पर आरोप लगाया है कि उन्होंने ठीक तरीके से इलाज नहीं किया। दरअसल गुरूवार को डॉक्टर संजीव ने बुलंदशहर की ही एक महिला के पित्त की थैली का ऑपरेशन किया था। ऑपरेशन के कुछ घंटों बाद ही मरीज की मौत हो गई। मरीज के परिजन उसकी मौत से सदमे में चले गए। उनके मुताबिक अगर ऑपरेशन हो ठीक से हो गया था तो उसकी मौत कैसे हो गई। परिजनों के सवाल थोड़ी ही देर में गुस्से और आक्रोश में बदल गए।
अपने रिश्तेदार की मौत पर आगबबूला हुए परिजनों ने अस्पताल पर धावा बोल दिया। अस्पताल के संचालक और इलाज करने वाले डॉक्टर संजीव यादव को परिजनों ने पकड़ लिया। डॉक्टर संजीव के साथ बात करते-करते परिजन उग्र हो गएं और उनकी पिटाई शुरू कर दी। देखते ही देखते परिजन डॉक्टर पर बुरी तरह टूट पड़े। गुस्साए परिजनों ने डॉक्टर की पिटाई के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर डॉक्टर संजीव यादव के शिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि डॉक्टर संजीव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए मरीज की मौत को स्वाभाविक बताया है। केस दर्ज करने के बाद मरीज के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।