अयोध्या में राम मंदिर को प्रारंभ से ही स्थाई मुद्दा बताते हुए केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 में होने वाला विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी विकास और समस्याओं को लेकर लड़ेंगी। चुनाव किसके नेतृत्व में लड़ा जाए इसका फैसला पार्टी का नेतृत्व करेगा। लेकिन एक बात की खुशी है कि प्रदेश में भाजपा की बूथ स्तर तक चुनाव लड़ने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। यहां जंगल राज है। यह बात शनिवार को कानपुर में एक कार्यक्रम में शिरकत करने आए केंद्रीय लघु व सूक्ष्म मंत्री कलराज मिश्र ने जाजमऊ पुल पर पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के स्वागत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता में भय है और महिलाएं असुरक्षित हैं। बदमाशों पर पुलिस का खौफ नहीं है। सपा पार्टी ही दबंगों व गुंडों को सरंक्षण दे रही है। शहर में दो दिन पहले बजरिया थाना के ब्रह्मनगर में हुई दो सपा कार्यकर्ताओं के बीच वर्चस्व की जंग यही बयां कर रही है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनता आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश सरकार को इसका जवाब मतदान न कर देगी। मंत्री ने शहर में जल्द ही टूल रूम देने की बात कहते हुए युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात भी कही। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी, क्षेत्रीय मंत्री बाल चंद्र मिश्र, विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया समेत सैकेड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी की सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है। जनता परेशान है। सरकार विकास के नाम पर केवल लुभावने स्लोगन और वादे कर रही है लेकिन उससे जनता का भला नहीं होने वाला है। एमआइएम के असद्दुीन ओवैसी के भाजपा के खिलाफ दिए गए बयान पर उन्होंने कहा कि कोई क्या कहता है कहता रहें हम प्रदेश में मजबूती से चुनाव लड़ेंगे।
केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र गीता मेले में शाामिल होने कानपुर आए थे। दोपहर में आयोजित पत्रकार वार्ता में पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या उत्तर प्रदेश चुनाव में अयोध्या का राम मंदिर चुनावी मुद्दा नहीं होगा। इस पर उन्होंने कहा कि कुछ मुद्दे ऐसे हैं जो प्रारंभ से ही है और स्थाई रूप से चल रहे हैं। हमारी पार्टी की नीति है कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो या तो अदालत के फैसले के आधार पर हो या आम सहमति के आधार पर हो या दो तिहाई बहुमत होने पर कानून बनाकर हो। अयोध्या में राम मंदिर जरूर बने लेकिन इन्हीं में से किसी एक निर्णय के आधार पर।
उनसे कहा गया कि साधू संत चाहते हैं कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की एक तारीख घोषित कर दी जाएं। इस सवाल को उन्होंने टालते हुए कहा कि साधू संत हमारे समाज के लिए श्रद्वा का पात्र हैं और उनकी भावनाओं का हम आदर करते हैं। कलराज मिश्र से पत्रकारों ने पूछा कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए क्या पार्टी कोई चेहरा पेश करेंगी इस पर उन्होंने कहा कि यह पार्टी नेतृृत्व का काम है। वह चुनावी तैयारियां कर रहा है। हमारी पार्टी का संगठन बहुत मजबूत है और हमें खुशी है कि भाजपा ने प्रदेश में 80 फीसद से अधिक पोलिंग बूथ स्तर पर अपनी तैयारी पूरी कर ली है। हम बिहार में चुनाव हारे हैं और हमने उसकी समीक्षा भी की है और उसी समीक्षा को ध्यान में रखते हुए पार्टी नेतृृत्व उत्तर प्रदेश की भौगोलिक और जातीय स्थितियां देखकर आगामी चुनाव की रणनीति बना रहा है।
उनसे पूछा गया कि क्या उत्तर प्रदेश में किसी अन्य राजनीतिकदल से गठबंधन होगा इस पर मिश्रा ने कहा कि हम केंद्र में एनडीए के बैनर तले सरकार चला रहे हैं। उत्तर प्रदेश में भी एनडीए के बैनर तले ही चुनाव लड़ेंगे। अगर उत्तर प्रदेश में किसी अन्य राजनीतिक दल को जोड़ना होगा तो उसका फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी की सरकार को लुभावने स्लोगनवाली सरकार बताते हुये कलराज ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से भ्रष्ट है। सड़के बहुत ही खराब हालत में है इसलिए प्रदेश की जनता इस सरकार से परेशान हो चुकी है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी का चुनावी मुद्दा प्रदेश में विकास और समस्याओं का समाधान होगा।