मुंबई पुलिस के डिप्टी कमिश्नर अभिषेक त्रिमुखे ने रिपब्लिक टीवी के एडिटर इन चीफ अर्नब गोस्वामी, डायरेक्टर सम्यब्रता गोस्वामी और एआरजी आउटलेयर मीडिया के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज कराया है। मुंबई सेशन कोर्ट में यह शिकायत IPC की धारा 499, 500, 501, 34 के तहत दर्ज कराई गई है।
अभिषेक त्रिमुखे ने कहा है कि रिपब्लिक टीवी और अर्नब गोस्वामी ने उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करके उनके चरित्र हनन की कोशिश की है। यह दुर्भावनापूर्ण है और मुंबई पुलिस विभाग को अपमानित करने के लिए ऐसा जानबूझकर किया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे समाज में उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
त्रिमुखे का आरोप है कि दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के मामले से जुड़े डिबेट शो में अर्नब ने उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। उन टिप्पणियों को उनके यूट्यूब चैनल पर 7 अगस्त 2020 को प्रसारित किया गया था। डिबेट अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के कॉल रिकॉर्ड्स को लेकर थी। रिया पर सुशांत को ड्रग्स देने का आरोप था। उस दौरान इसे लेकर रिपब्लिक टीवी पर कई डिबेट हुई थीं।
शिकायत में कहा गया है कि अर्नब गोस्वामी रिपब्लिक टीवी के संचालक हैं। उनकी पत्नी सम्यब्रता इसकी कार्यकारी निदेशक हैं। उनकी जानकारी के बिना कोई निर्णय नहीं लिया जा सकता है। त्रिमुखे कहते हैं कि वे 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वह मुंबई में डीसीपी के तौर पर कार्यरत हैं। उनका दावा है कि यह शिकायत गृह विभाग से मंजूरी के बाद दायर की गई है।
गौरतलब है कि अर्नब को इससे पहले भी मुंबई पुलिस ने एक अन्य केस में गिरफ्तार किया था। तब उन्हें तलोजा जेल में रखा गया था। सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद अर्नब को जमानत मिली थी। जमानत पर रिहा होने के बाद अर्नब मुंबई पुलिस पर खासे हमलावर हुए थे। उनके और मुंबई पुलिस के बीच तनातनी तभी शुरू हुई थी जब उन्होंने सुशांत मामले में मुंबई पुलिस पर तीखे आरोप लगाए थे। उनका दावा था कि एक बड़े राजनीतिज्ञ के बेटे को बचाने के लिए पुलिस काम कर रही है।