तेल की आसमान छूती कीमतों पर कांग्रेस नेता गौरव वल्लभ ने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया कि पेट्रोल-डीजल तुम आगे बढ़ो, केंद्र तुम्हारे साथ है। उसके बाद क्या था, ट्विटर पर लोगों ने बढ़ चढ़कर अपने विचारों को व्यक्त करना शुरू कर दिया। कुछ ने बीजेपी को ताना मारा तो कुछ कांग्रेस के मजे लेते दिखाई दिए।

लक्ष्मण दास ने बीजेपी को घेरते हुए लिखा, सत्ता के लिए कुछ भी करेंगे। बीजेपी की जमाई जमात शहनाज हुसैन मुख्तार, अब्बास नकवी आदि मे एक नाम और जल्दी जुडने वाला है, जिसे साहेब ने आंसुओं के साथ निवेदन किया है। यह प्रयास कई महीनो से जारी है। इनके हाथी के दांत दिखाने के अलग और खाने के अलग हैं। जनता को धर्म के नाम पर उकसाकर वोट की राजनीति करते हैं ये लोग।

शिव कुमार ने रोचक अंदाज में बीजेपी को आईना दिखाते हुए लिखा, अक्कड़ बक्कड़ बंबे बोल, 80, 90 पूरे 100। फादर ऑफ समाजशास्त्र के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, बेटा वल्लभ, क्या आप ये सब फ़िज़ूल की बातें करते हैं, कोई हिन्दू-मुस्लिम या पाकिस्तान का मुद्दा उठाया करो। सत्ता में बैठे लोगों से भी सीखा जा सकता है। महादेव ने लिखा पर क्या सिर्फ ये आपको ही पता है। जनाब कम से कम अपने नेतृत्व को जगाइये। आज एक सशक्त विपक्ष की जरूरत इस देश को है। आंदोलन से ही कांग्रेस का जन्म हुआ था और आपका काम आज किसी और को करना पड़ रहा है। उम्मीद तो नहीं है आपके शीर्ष नेताओं से पर कोशिश तो कीजिये।

रुद्रथ देसाई ने लिखा-भारत में पेट्रोल पर सबसे अधिक VAT राजस्थान में है। दूसरे स्थान पर महाराष्ट्र है। दोनों कांग्रेस शासित हैं। तीसरे स्थान पर दुनिया की एकमात्र इमानदार पार्टी द्वारा शासित दिल्ली है। पूरे भारत में पेट्रोलियम पर सबसे कम VAT गुजरात में है। फिर भी पेट्रोल कीमतों का दोष मोदी सरकार पर। गौरतलब है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने आम लोगों का जीना दुश्वार कर रखा है। ऐसा पहली बार हुआ है जब डीजल की कीमतें 90 के पार पहुंच गईं। सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दाम रोजाना तय करने का नियम बना रखा है। पिछले कुछ समय से तेल कंपनियां रोजाना इनके दामों में इजाफा कर रही हैं।