नरेंद्र मोदी सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर 26 मई को आठ घंटे का टॉक शो आयोजित किया जाएगा। इसका नाम ‘जरा मुस्‍कुरा दो’ रखा गया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा और इसमें सरकार की सफलता की कहानियां बताई जाएंगी।

मुख्‍य कार्यक्रम इंडिया गेट पर होगा और पूरे देश में इसका प्रसारण किया जाएगा। हरियाणा, गुजरात, राजस्‍थान, महाराष्‍ट्र और मेघालय से भी लोगों को इस कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। इसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन रैंक वन पेंशन, जन धन और एलपीजी डायरेक्‍ट बेनेफिट ट्रांसफर जैसी सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं से आम आदमी को हुए लाभ की कहानियां भी बताई जाएंगी।

बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम को अभिनेता अमिताभ बच्‍चन मॉडरेट करेंगे। स्‍वच्‍छ भारत, डिजीटल इंडिया और ग्रामीण विद्युतीकरण योजनाओं की शॉर्ट डॉक्‍युमेंट्री भी दिखाई जाएंगी। नितिन गडकरी, एम वैंकेया नायडू, पीयूष गोयल और राज्‍यवर्धन सिंह राठौड़ को लेकर इस संबंध में एक कमिटी बनाई थी। इन्‍हें योजनाओं की सूची बनाने को कहा गया था, जिन्‍हें लोगों के सामने रखा जा सके।

इस शो की थीम केंद्रीय योजनाओं के जरिए राष्‍ट्रीय अखंडता रखी गई है। इसके तहत छह केंद्रों पर मशहूर कलाकार राष्‍ट्रगान गाएंगे। इसका प्रसारण दूरदर्शन पर किया जाएगा।