येस बैंक के वित्तीय संकट में फंसने के बाद इसके लाखों खाताधारक परेशान हो रहे हैं। येस बैंक की शाखाओं के आस-पास ग्राहक परेशान दिखे और ग्राहकों की लंबी कतारें नजर आई। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक शख्स मोदी का खुद को बड़ा फैन बता रहा और बैंक के संकट पर अपना दर्द बयां करता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को दो हजार से ज्यादा लोगों ने देखा है।
ट्विटर पर वरिष्ठ पत्रकार विनोद कापड़ी ने यह वीडियो शेयर किया है। वीडियो में शख्स कह रहा है, मेरी पूरी फैमिली में कोई प्रॉपर्टी नहीं है। मैं रेंट पर रहता हूं। मैं दस साल से मुंबई में रहता हूं। पाई-पाई जोड़कर मैं अपना पहला घर इस नवरात्रि में लेने जा रहा था। मोदी जी प्लीज कृपा कीजिए। आपका बहुत हो चुका। आप गरीबों के ऊपर बार-बार वार कर रहे हैं। इतनी बार वार कर रहे हो कि गरीबों को जीना नहीं देना चाहते हो।
मोदी का ये कट्टर भक्त खून के आंसू रो रहा है…. pic.twitter.com/7EfuU3xLgC
— Vinod Kapri (@vinodkapri) March 8, 2020
शख्स ने आगे कहा कि आप किसकी सरकार चला रहे हो किसके लिए आए हो। मैं आपका इतना बड़ा फॉलोवर था। आप मेरे फेसबुक पर जा सकते हो, आप कहीं भी जा सकते हो। किसी से भी पूछ सकते हो। मैं एक कट्टर मोदीवाद हूं। लेकिन आज मैं रो रहा हूं। मैं सभी मोदी भक्तों को बोलता हूं कि सभी मोदी भक्तों, आप लोग एक दिन कुएं में जाओगे। आप लोग मरोगे। ये बैंक अंडर आरबीआई है। आप 35 साल से क्यों बैठे थे।
मालूम हो कि वित्तीय संकट से गुजर रहे येस बैंक को लेकर रिजर्व बैंक ने बृहस्पतिवार को सरकार से मशविरा करने के बाद येस बैंक पर रोक लगायी और उसके निदेशक मंडल को भी भंग कर दिया था। इसके बाद बैंक के ग्राहकों पर भी 50,000 रुपये मासिक तक निकासी करने की रोक लगाई गई है। येस बैंक किसी भी तरह का नया ऋण वितरण या निवेश भी नहीं कर सकेगा।
गौरतलब है कि रविवार को येस बैंक के संस्थापक राणा कपूर के परिवार पर ईडी ने शिकंजा कस लिया। राणा कपूर की बेटी के साथ दामाद के खिलाफ भी लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है। मुंबई एयरपोर्ट पर राणा कपूर की बेटी रोशनी कपूर को रोक लिया गया। इससे पहले ईडी ने यश बैंक के संस्थापक राणा कपूर को कोर्ट में पेश करने से पहले मेडिकल जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। कपूर का दोबारा मेडिकल किया जाएगा। मेडिकल के लिए उन्हें जीटी अस्पताल ले जया गया है। इसके बाद उन्हें अदालत मे पेश किया गया जहां उन्हें अदालत ने 11 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है।