कर्नाटक के पूर्व सीएम और हाल ही में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चुने गए बीएस येदुरप्पा कोर्ट में सुनवाई के दौरान रो पड़े। अवैध खनन से जुड़़े मामले में सीबीआई कोर्ट के जज ने उनसे ढाई घंटे में एक के बाद एक 475 सवाल पूछे। जज ने येदुरप्पा से आखिर में जब पूछा कि अब क्या आपको कुछ कहना है, वह भावुक हो गए और रो पड़े। येदियुरप्पा ने कहा, ‘मैंने कुछ गलत नहीं किया और जो भी किया वो कानून के दायरे में रहकर किया। मैं राजनीतिक साजिश का शिकार हुआ हूं।’ येदुरप्पा ने यह भी कहा कि उन्होँने जो भी किया, उसके चलते राज्य के खजाने को कोई नुकसान नहीं हुआ।
येदुरप्पा पर आरोप है कि उनके मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए राज्य में बड़े पैमाने पर अवैध खनन हुआ था। उन पर प्रेरणा ट्रस्ट से 20 करोड़ रुपए डोनेशन लेने का भी आरोप है। प्रेरणा ट्रस्ट येदुरप्पा का ही परिवार चलाता है। भ्रष्टाचार के इन्हीं आरोपों के चलते उन्हें कुर्सी गंवानी पड़ी थी। नौबत यहां तक आ गई थी उन्हें बीजेपी छोड़कर अलग पार्टी बनानी पड़ी।
हालांकि, वह ज्यादा दिन पार्टी से अलग नहीं रह सके और फिर से बीजेपी में लौट आए। येदुरप्पा दक्षिण भारत में कमल खिलाने वाले पहले बीजेपी नेता हैं। वह 2008 में मुख्यमंत्री बने थे। 2011 में लोकायुक्त संतोष हेगड़े की रिपोर्ट में उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे।
Read Also: व्यापमं घोटालाः दिग्विजय ने कहा ठगे गए लोगों को गवाह बना चीटर्स को पकड़े CBI