प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमेशा हमलावर रहने वाले भारतीय जनता पार्टी से बागी हुए यशवंत सिन्हा ने इस बार पीएम की ही नकल उतार कर उनका मजाक बनाया है। एक कार्यक्रम में बोलते हुए सिन्हा ने न सिर्फ पीएम मोदी का मजाक उड़ाया बल्कि शैतान भी बताया। सिन्हा के निशाने पर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह भी रहे। जिन्हें सिन्हा ने दुशासन करार दिया।

महाराष्ट्र के अकोला में किसानों के कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने माइक थामते ही मोदी का मजाक उड़ाना शुरू कर दिया । अपनी बात की शुरूआत उन्होंने पीएम मोदी के ‘मित्रों’ से की। उन्होंने कार्यक्रम में आए किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा, ‘मित्रों कहूं या कहूं सवा सौ करोड़ देशवासी। मंच पर ही मौजूद प्रवीण सिंह की बात पर सिन्हा ने नाम लिए बगैर कहा, बार बार शैतान का नाम लेने से उसकी ताकत बढ़ती है।’

सिन्हा ने कहा, ‘गुजरात ने इस देश भले ही कई महान नेता दिए हों लेकिन अपवाद भी होते हैं। गुजरात ने देश को एक नहीं बल्कि दो बुरे इंसान दिए हैं। उन्होंने दूसरे बुरे इन्सान के तौर पर अमित शाह का नाम लिया।’ सिन्हा ने पीएम मोदी को दुर्योधन और अमित शाह को दुशासन करार दिया।

बीजेपी के पूर्व नेता इतने पर ही नहीं रुके। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फणनवीस को भी अपने निशाने पर लिया। इसके साथ ही सिन्हा ने पीएम मोदी और फणनवीस के बीच की समानता अपने शब्दों में बताई। उन्होंने कहा, देश के पीएम और राज्य के सीएम का नाम एक जैसा है। इन दोनों में एक समानता यह भी है कि दोनों ही ठग हैं। उनका नाम अगर न लेकिर ठगेंद्र कहा जाए तो कोई अतिसंयोक्ति नहीं होगी।

इससे पहले यशवंत सिन्हा ने मंगलवार को आरएसएस पर निशाना साधा था। संघ पर हमला करते हुए उन्होंने कहा था कि, राम मंदिर के लिए कानून की मांग करना दर्शाता है कि संघ कभी नहीं बदलेगा। भले ही वह कितने ही प्रख्यात लोगों को अपने कार्य क्रम में बुला ले।