कोलकाता से बेंगलुरु जा रहा एक इंडिगो विमान रविवार (24 जून) की सुबह बड़े हादसे का शिकार होने से बच गया। कोलकाता से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाले इंडिगो के 6E-345 विमान की खिड़की में टेक-ऑफ के तुरंत बाद चटक देखी गई, जिसके बाद पायलट ने समझदारी दिखाते हुए कोलकाता में ही विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। विमान में करीब 178 यात्री सवार थे।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक सुबह 10.34 बजे कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोष इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान के उड़ान भरने के कुछ देर बाद खिड़की में पड़ी चटक पर लोगों का ध्यान गया, उस वक्त विमान 24000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, जिसके तुरंत बाद विमान को फिर से कोलकाता की तरफ मोड़ लिया गया। एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया, ‘रविवार को सुबह करीब 10.15 बजे इंडिगो के 6E-345 विमान को, जो कि कोलकाता से बेंगलुरु जा रहा था, उसे खिड़की में क्रैक आने के कारण वापस लाया गया और इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान करीब 10.34 बजे तक सुरक्षित लैंडिंग कर चुका था।’
Kolkata-Bengaluru Indigo Airlines 6E-345 emergency landing back in CCU within 1 hour due to a windshield crack. It climbed to close to 24000 feet but immediately turned back. All passengers safe. A-320, VT-IDW, 9 year old aircraft @flightradar24 pic.twitter.com/OrkAUVwbuf
—(@sandeeproy1) June 24, 2018
हादसे के बाद इंडिगो की तरफ से भी इस मामले में एक बयान जारी किया गया और जानकारी दी गई कि प्रतिकूल मौसम के कारण विमान को वापस कोलकाता की तरफ मोड़ा गया था। बयान में कहा गया, ‘कोलकाता में आज सुबह काफी प्रतिकूल मौसम देखा गया, जिसके कारण इंडिगो के एक विमान की खिड़की में क्रैक हो गया। पायलट ने मानक प्रक्रिया का पालन करते हुए विमान को वापस मोड़ लिया। विमान के वापस आने के बाद उसका परिक्षण किया गया।’ बता दें कि खिड़की को बदला जा रहा है और यात्रियों को अन्य विमान के जरिए बेंगलुरु ले जाया गया। जहां रविवार को इंडिगो के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई तो वहीं हाल ही में दिल्ली से रांची के लिए उड़ान भरने वाले इंडिगो के विमान की 3 जून को दिल्ली में ही आपात लैंडिंग करानी पड़ गई थी। इंडिगो एयरबस ए-320 नियो के पीडब्लू इंजन में खराबी आने के चलते ऐसा करना पड़ा था।