महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में राज ठाकरे की अगुवाई वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने बीजेपी और शिवसेना (शिंदे) को बड़ी टेंशन दे दी है। राज ठाकरे की पार्टी का मुंबई की 36 में से 25 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारने से जुड़ा फैसला अब भाजपा और शिवसेना (एकनाथ शिंदे) दोनों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। जबकि मनसे ने लोकसभा चुनाव में महायुति को समर्थन दिया था।

राज ठाकरे बिगाड़ेंगे बीजेपी का खेल? 

मुंबई में भाजपा 17 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि शिवसेना (शिंदे) 16 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।  राज ठाकरे की पार्टी ने इनमें से 22 सीटों पर भाजपा और शिवसेना (एकनाथ शिंदे) के उम्मीदवारों के खिलाफ उम्मीदवार उतारे हैं। जिससे बीजेपी के लिए चिंता बढ़ गई है। 

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की 12 सीटों और भाजपा द्वारा लड़ी गई 10 सीटों के खिलाफ उम्मीदवार उतार रही है। राज ठाकरे की मनसे, महायुति का हिस्सा नहीं है, जिसमें भाजपा, शिवसेना और उपमुख्यमंत्री अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल है, लेकिन इस साल की शुरुआत में हुए लोकसभा चुनाव में इसने सत्तारूढ़ गठबंधन का समर्थन किया था। ऐसे में बीजेपी के लिए मनसे मुश्किलें खड़ी कर सकती है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि बीजेपी चुनाव की तारीख से पहले इसका क्या समाधान निकालती है।

कई सीटों पर नहीं उतारे हैं उम्मीदवार 

राज ठाकरे की मनसे ने शहर में कुछ हाई-प्रोफाइल भाजपा नेताओं को चुनौती नहीं देने का रणनीतिक फैसला किया है।  जिसमें विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर (कोलाबा), मुंबई भाजपा प्रमुख आशीष शेलार (बांद्रा पश्चिम), राज्य भाजपा कोषाध्यक्ष मिहिर कोटेचा (मुलुंड) और मंगल प्रभात लोढ़ा (मालाबार हिल) जैसे अन्य प्रमुख नेता शामिल हैं, जिनके सामने मनसे के उम्मीदवार नहीं खड़े हैं। 

नवाब मलिक के दामाद की सड़क हादसे में मौत, पोस्ट कर लिखा-दो दिन के लिए सभी कार्यक्रम स्थगित

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होने हैं, जबकि सभी 288 विधानसभा के लिए मतगणना 23 नवंबर को होगी। 2019 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 105 सीटें, शिवसेना (संयुक्त) ने 56 और कांग्रेस ने 44 सीटें जीती थीं। 2014 में भाजपा ने 122 सीटें, शिवसेना ने 63 और कांग्रेस ने 42 सीटें हासिल की थीं।