आज कांग्रेस पार्टी को 138 साल पूरे हो गए हैं। कांग्रेस ने इस मौके पर नागपुर में एक रैली का आयोजन किया है। इस रैली में कुर्सियों के पीछे एक बारकोड लगाया गया है। इस बारकोड के जरिए कांग्रेस समर्थक पार्टी को दोन दे सकते हैं। यह जानकारी खुद कांग्रेस पार्टी ने X पर एक पोस्ट के जरिए दी है।

X पर किए गए पोस्ट में कांग्रेस ने कहा, “आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस पर नागपुर की महारैली में कुर्सियों के पीछे एक बारकोड लगा है। उस बारकोड को स्कैन कर आप 138 रुपए, 1380 रुपए, 13800 रुपए, 138000 रुपए या उससे अधिक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को दान स्वरूप दे सकते हैं।”

कांग्रेस की तरफ से यह भी कहा गया है कि इस रैली दान देने लोगों में से चुने हुए पांच लोगों को खुद पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सर्टिफिकेट और रसीद प्रदान करेंगे। कांग्रेस ने अपने पोस्ट में कहा, “इस रैली में आए सभी दानकर्ताओं में से चुने हुए पांच लोगों को श्री राहुल गांधी जी सर्टिफिकेट एवं रसीद प्रदान करेंगे। आइए, साथ मिलकर बदलाव का हिस्सा बनें। कांग्रेस को मजबूत करें, देश को मजबूत करें।”

नागपुर रैली में राहुल गांधी ने क्या कहा? जानिए बड़ी बातें

  1. राहुल गांधी ने कहा कि देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई है।
  2. उन्होंने कहा कि BJP के विपरीत, कांग्रेस का एक छोटा कार्यकर्ता भी पार्टी के शीर्ष नेताओं पर सवाल उठा सकता है और उनसे असहमत हो सकता है।
  3. राहुल गांधी ने कहा कि कुलपतियों की नियुक्ति योग्यता के आधार पर नहीं, बल्कि इसलिए की जाती है क्योंकि वे एक विशेष संगठन से संबंधित होते हैं।
  4. उन्होंने कहा कि बेरोजगारी पिछले 40 वर्ष में अब सबसे अधिक है।
  5. पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने नागपुर रैली में ऐलान किया कि उनकी पार्टी केंद्र की सत्ता में आने के बाद जाति आधारित गणना कराएगी।