Suresh Kalmadi Death News: पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का 82 साल की उम्र में निधन हो गया है, वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। सुरेश कलमाड़ी का पार्थिव शरीर आज मंगलवार दोपहर दो बजे अंतिम दर्शन के लिए घर पर रखा जाएगा, फिर शाम को अंतिम संस्कार होगा। महाराष्ट्र के पुणे में कलमाड़ी ने अंतिम सांस ली है।

सुरेश कलमाड़ी केंद्र सरकार में रेल राज्य मंत्री रह चुके थे। इसके अलावा वह भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष भी रहे और लंबे समय तक खेल प्रशासन से जुड़े रहे। पुणे की राजनीति में उनकी गिनती प्रभावशाली नेताओं में होती थी और उन्होंने कई बार लोकसभा में इस शहर का प्रतिनिधित्व किया।

अपने राजनीतिक जीवन में कलमाड़ी ने कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं और राष्ट्रीय स्तर पर राजनीति व खेल जगत में सक्रिय भूमिका निभाई। कलमाड़ी 1996 से 2011 तक आईओए अध्यक्ष रहे और उन्हें 2010 दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में घोटाले में संलिप्तता के कारण दस महीने जेल की सजा काटनी पड़ी थी। बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया और उनके सार्वजनिक जीवन के योगदान को याद किया।

परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा-बहू, दो विवाहित बेटियां, दामाद और पोते-पोतियां हैं। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर एरंडवाने स्थित ‘कलमाड़ी हाउस’ में दोपहर दो बजे तक अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद नवी पेठ स्थित वैकुंठ श्मशान में अपराह्न 3:30 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा।

भाषा के इनपुट के साथ