Independence Day 2024: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देश के नाम अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को सम्मानित करने को लेकर भारतीय सेना (Indian Army) ने आज एक बड़ा ऐलान किया। भारतीय सेना ने बताया कि सेना काे पूर्व कर्नल मनप्रीत सिंह को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है। वे जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) में आतंकी मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। कर्नल मनप्रीत सिंह मूल रूप से पंजाब के रहने वाले थे।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, कर्नल मनप्रीत सिंह पिछले साल सितंबर में अनंतनाग में आतंकवादियों से लड़ते हुए शहीद हो गए थे। उन्हें भारतीय सेना ने इस स्वतंत्रता दिवस पर मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित करने का ऐलान किया है। बता दें कि तीन सैन्यकर्मियों सहित कुल 4 कर्मियों को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है। सेना से कीर्ति चक्र पाने वाले अन्य दो लोगों में राइफलमैन रवि कुमार और मेजर एम नायडू का नाम भी शामिल हैं।

कौन हैं कर्नल मनप्रीत सिंह?

जानकारी के मुताबिक, कर्नल मनप्रीत सिंह मूल रूप से पंजाब के भरोंजियां गांव के निवासी थे, जो कि चंडीगढ़ के पास का है। उनकी फैमिली चंडीगढ़ में रहती हैं। उनकी शहादत से उनकी पत्नी जगमीत ग्रेवाल और दो बच्चों को बड़ा झटका लगा है। उनका एक बेटा 6 साल का है, जबकि दो साल की बेटी है।

रिपोर्ट्स बताती हैं कि शहीद कर्नल की पत्नी जगमीत ग्रेवाल हरियाणा के शिक्षा विभाग में इकोनॉमिक्स लेक्चरर के पद पर कार्यरत हैं। बता दें कि जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों के खिलाफ लड़ते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले मनप्रीत सिंह 17 साल तक सेना के लिए अपनी सर्विस दे चुके थे। खास बात यह है कि उनके पिता भी पहले सेना में ही थे। हालांकि उनका देहांत हो चुका है।

17 साल सेना के लिए सर्विस देने वाले कर्नल मनप्रीत सिंह शहादत के वक्त जम्मू कश्मीर में राष्ट्रीय राइफल्स का नेतृत्व कर रहे थे। कर्नल मनप्रीत सिंह के अलावा सेना ने राइफलमैन रवि कुमार और मेजर एम नायडू को भी कीर्ति चक्र से सम्मानित किया है। बता दें इन सभी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वार सम्मानित किया जाएगा।