कोविड से मरने वालों की सम्मानित विदाई सुनिश्चत करने की जिम्मेदारी निभा रहे प्रवीण कुमार की मंगलवार को कोविड महामारी ने ही लील लिया। 43 साल के सुनील हिसार नगर निगम के कर्मचारी थे। वे बड़े हंसमुख थे। शुक्रवार को वे कोरोना पॉजिटिव हुए थे। तब उन्हें हल्का-सा बुखार था। रविवार को दिक्कत होने पर एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका ऑक्सीजन लेवल गिरता गया और सोमवार को उनका निधन हो गया।

वे कुछ साल से डायबिटीज़ से पीड़ित चल रहे थे। अपने पीछे, वे पत्नी और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। वे नगर निगम के सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष थे। नगर निगम ने कोविड से मरने वालों की अंत्येष्टि के लिए पांच टीमें बनाई हैं। इनमें से एक टीम के लीडर सुनील ही थे। साथियों ने बताया कि शुक्रवार को थोड़ा बुखार होने पर उन्होंने एक स्थानीय डॉक्टर से दवा ले ली। जब कुछ दिक्कत हुई तो अस्पताल में बेड की तलाश हुई। यह बेड जिला प्रशासन के दखल के बाद ही एक प्राइवेट अस्पताल में मिल सका।

रविवार को अस्पातल जाने के समय वे इतने ठीक कि खुद चल कर अस्पताल गए थे। लेकिन कुछ ही घंटों में उन्हें वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। लेकिन कुछ न हो सका और सोमवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।सफाई कर्मचारी यूनियन के महामंत्री बिशन सिंह ने बताया कि निगम ने अंत्येष्टि के लिए पांच टीमे बनाई हैं। ये टीमें अब तक तीन सौ कोविड मरीजों का अंतिम संस्कार कर चुकी हैं।

मृतकों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर प्रशासन और टीमें बनाने का विचार कर रहा है। इस बीच नगर निगम के प्रवक्ता ने बताया कि प्रवीण और उनकी टीम के सभी सदस्यों को पीपीई किट आदि समस्त सुरक्षा की चीजें दी गई थीं। ये लोग अंत्येष्टि के वक्त ये तमाम चीजें पहने रहते थे। लेकिन, दुर्भाग्यवश, इसके बावजूद सुनील कोरोना से संक्रमित हो गए।

बताते चलें कि भारत में एक दिन में कोविड-19 से 4,529 और लोगों की मौत के बाद देश में संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 2,83,248 हो गई। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, एक दिन में कोविड-19 के 2,67,334 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,54,96,330 हो गई। आंकड़ों के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों की संख्या में कमी आई है और अभी देश में 32,26,719 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 12.66 प्रतिशत है।