नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर बनाए गए के. लक्ष्मण ने बताया कि नितिन नबीन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अकेले उम्मीदवार थे। उन्होंने बताया कि नितिन नबीन के पक्ष में बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए 37 सेट नॉमिनेशन पेपर दाखिल किए गए। बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए नितिन नवीन की उम्मीदवारी के प्रस्तावकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल थे।

कौन हैं बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन?

सियासी परिवार से संबंध रखने वाले नितिन नबीन के पिता नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा बीजेपी के बड़े नेता थे। वह पटना वेस्ट विधानसभा सीट से चार बार बिहार विधानसभा के लिए चुने गए। 23 मई 1980 को रांची में जन्मे नितिन नबीन ने साल 1996 में पटना के एक CBSE स्कूल से दसवीं की पढ़ाई की और फिर आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली आ गए। उन्होंने दिल्ली के एक स्कूल से 1998 में 12वीं पास की।

नितिन नबीन के परिवार में कितने लोग?

नितिन नबीन की पत्नी का नाम दीपमाला श्रीवास्तव है और इनके दो बच्चे हैं- एक बेटा और एक बेटी।

नितिन नबीन पांच बार के विधायक

नितिन नबीन पांच बार बिहार विधानसभा के लिए चुने जा चुके हैं। वह बांंकीपुर के विधायक हैं, उन्होंने साल 2006 में पहली बार साल 2006 में पटना वेस्ट विधानसभा सीट से उपचुनाव में जीत दर्ज की। परिसीमन के बाद वह बांकीपुर विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं और साल 2010, 2015, 2020 और 2025 में विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं।

साल 2025 में नितिन नबीन को 98,299 वोट मिले और उन्होंने राजद की रेखा कुमारी को 51,000 वोटों से हराया। नितिन नबीन बिहार की नीतीश कुमार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालय भी संभाल चुके हैं। वह बीजेपी युवा मोर्चा के नेशनल जनरल सेक्रेटरी और बिहार युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा नितिन नबीन सिक्किम के लिए बीजेपी के इंचार्ज और छत्तीसगढ़ के को-इंचार्ज के तौर पर उन राज्यों में चुनाव प्रबंधन का काम संभाल चुके हैं। उन्हें दिसंबर 2025 में बीजेपी पार्लियामेंट्री बोर्ड ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। पढ़िए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन के सामने क्या चुनौतियां हैं?