Who Is Kalpana Soren: कथित जमीन घोटाला मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछताछ करने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम मुख्यमंत्री आवास पहुंच गई है। ईडी हेमंत सोरन से पूछताछ कर रही है। ऐसे में अगर ईडी हेमंत सोरेन को गिरफ्तार करती है तो राज्य की कमान उनकी पत्नी कल्पना सोरेन को दी जा सकती है। सूत्रों के हवाले से खबर यह भी है कि हेमंत सोरेन ने विधायकों की बैठक में गिरफ्तारी की सूरत में पत्नी को कमान देने की जानकारी दी है।
ऐसे में कल्पना की तुलना राबड़ी देवी से करने की अटकलें शुरू हो गई हैं। राबड़ी देवी 1996 में लालू प्रसाद की गिरफ्तारी के बाद बिहार की मुख्यमंत्री बनी थीं। कल्पना सोरेन विधायक नहीं हैं और अगर वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेती हैं तो उन्हें छह महीने के भीतर उपचुनाव जीतकर विधानसभा का सदस्य बनना होगा। इस मामले में एक पेंच यह भी है कि झारखंड विधानसभा का कार्यकाल एक साल से भी कम समय में खत्म हो रहा है, इसलिए उपचुनाव की संभावना को खारिज किया जा सकता है।
कौन हैं कल्पना सोरेन-
हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि से नहीं हैं और मूल रूप से ओडिशा के मयूरभंज जिले की रहने वाली हैं। कल्पना सोरेन का जन्म 1976 में रांची में हुआ था। उनके पिता एक व्यवसायी हैं और उनकी मां एक गृहिणी हैं। कल्पना की शादी 7 फरवरी 2006 को हेमंत सोरेन से हुई। कल्पना और हेंमत सोरेंन के दो बच्चे हैं, जिनका नाम निखिल और अंश है। कल्पना बिजनेस और चैरिटी के काम से जुड़ी हैं।
कल्पना की शिक्षा?
भारतीय सेना के रिटायर्ड अधिकारी अम्पा मुर्मू की पहली संतान कल्पना सोरेन की शुरुआती पढ़ाई बारीपदा के केंद्रीय विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने भुवनेश्वर के एक कालेज से बी-टेक की पढ़ाई की। बिजनेस मैनेजमेंट में रुचि के कारण उन्होंने एमबीए की भी डिग्री ली। झारखंड में उनकी पहचान एक बिजनेस वूमेन और समाजसेविका के तौर पर भी है। वे रांची में एक प्ले स्कूल की संचालिका हैं और एक निजी कंपनी की निदेशक भी हैं। इसके साथ ही जैविक खेती में भी उनकी रुचि है और वह उसके लिए भी काम करती हैं। वह महिला एवं बाल सशक्तिकरण के कार्यक्रमों में भी नियमित रूप से शामिल होती हैं।
कितनी संपत्ति की मालकिन हैं कल्पना सोरेन?
Myneta.com पर 2019 में दिए गए चुनावी हलफनामे के मुताबिक, कल्पना सोरेन के पास अलग-अलग बैंकों में उनके बैंक अकाउंट्स में 2,55,240 रुपये है। वहीं पोस्ट ऑफिस अकाउंट में 6 लाख 79 हजार 873 रुपये हैं। LIC और ICICI की 24 लाख रुपये की पॉलिसीज हैं। उनके नाम पर एक मारुति सियाज कार भी है। कल्पना सोरेन के पास 24,85,000 रुपये कीमत की 655 ग्राम गोल्ड ज्वैलरी है। करीब 9 लाख रुपये से ज्यादा की 20 किलो चांदी है। कल्पना के नाम पर 3 कॉमर्शियल बिल्डिंग भी हैं। एफिडेबिट में जिनकी कुल कीमत 4,87,00,000 रुपये बताई गई है।
