Who Is BJP Leader Shagun Parihar: जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजे आ चुके हैं। इस चुनाव में मुस्लिम बहुल किश्तवाड़ विधानसभा सीट सुर्खियों में रही। इस सीट से भाजपा नेता शगुन परिहार ने जीत हासिल की। मुस्लिम बाहुल्य सीट से भाजपा उम्मीदवार की जीत ने शगुन परिहार को सुर्खियों में ला दिया है।
चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, किश्तवाड़ से भाजपा की शगुन परिहार ने मुस्लिम बहुल सीट पर 29,053 वोट हासिल किए और नेशनल कॉन्फ्रेंस के दो बार के विधायक सज्जाद अहमद किचलू को हराया, जिन्हें 28,532 वोट मिले। इसके साथ ही शगुन ने 521 वोटों से जीत हासिल की।
जीत के बाद शगुन ने क्या कहा?
विधानसभा चुनाव में जीत के बाद शगुन परिहार ने पीटीआई से बातचीत की। इस मौके पर उन्होंने कहा, ‘मैं किश्तवाड़ के लोगों की आभारी हूं। मैं उन मतदाताओं को नमन करता हूं जिन्होंने मुझ पर और मेरी पार्टी पर विश्वास दिखाया है। मैं वास्तव में उनके समर्थन के लिए उनकी आभारी हूं। मैं इस समर्थन के लिए विनम्रतापूर्वक उन्हें धन्यवाद देती हूं। मैं अपने क्षेत्र की सुरक्षा के लिए काम करूंगी।’
भाजपा नेता शगुन परिहार, जिनके पिता और चाचा की 2018 में आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी, ऐसे में उनका किश्तवाड़ सीट से जीत जाना हैरान करने वाला है। इस सीट पर 70% से भी ज्यादा आबादी मुस्लिम है। शगुन परिहार को अपना उम्मीदवार बनाने का भाजपा का निर्णय जिले के विविध धार्मिक समुदायों का दिल जीतने के लिए एक सोचा-समझा कदम था, जिसमें वो सफल भी हो गए हैं।
शगुन परिहार को चुनकर, जो क्षेत्र के बड़े मुस्लिम समुदाय और छोटी हिंदू आबादी दोनों को आकर्षित कर सकती हैं। पार्टी का लक्ष्य अतीत में आतंकवाद से प्रभावित क्षेत्र में पैर जमाना है। शगुन परिहार के पिता अजीत परिहार और चाचा अनिल परिहार, जो जिले के भाजपा नेता थे, नवंबर 2018 में एक आतंकवादी हमले में मारे गए थे।
जम्मू-कश्मीर में AAP का खुला खाता, 98 फीसदी मुसलमानों वाली इस सीट पर BJP सिर्फ 1100 वोट से हारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 सितंबर को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में अपनी पहली चुनावी रैली में उनकी दुखद पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए उन्हें केंद्र शासित प्रदेश में आतंकवाद को खत्म करने के भाजपा के संकल्प का जीवंत उदाहरण करार दिया था।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हमारी बेटी (भाजपा की डोडा उम्मीदवार) शगुन परिहार के पिता और चाचा की आतंकवादियों ने हत्या कर दी। हमने उन्हें यहां मैदान में उतारा है। वह सिर्फ हमारी उम्मीदवार नहीं हैं, बल्कि आतंकवाद को खत्म करने के भाजपा के संकल्प का जीवंत उदाहरण हैं।”
कौन हैं शगुन परिहार? (Who is Shagun Parihar)
शगुन परिहार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता हैं। शगुन परिहार ने 08 अक्टूबर 2024 को किश्तवाड़ विधानसभा सीट से चुनाव जीती हैं। शगुन भाजपा के दिग्गज नेता रहे अनिल परिहार की भतीजी हैं। शगुन परिहार पोस्ट-ग्रेजुएट हैं। परिहार ने एमटेक आईके गुजराल पंजाब तकनीकी विश्वविद्यालय से 2021 में की है।
शगुन परिहार के पिता अजीत परिहार और चाचा अनिल परिहार नवंबर 2018 में एक आतंकवादी हमले में मारे गए थे। शगुन परिहार के पिता और चाचा दोनों जिले के भाजपा नेता थे। अनिल परिहार जम्मू कश्मीर भाजपा के सचिव थे। शगुन परिहार ने अपने चुनावी हलफनामे में जानकारी दी है कि उनके ऊपर एक भी आपराधिक केस नहीं है। उन्होंने चुनावी हलफनामे में बताया है कि उनकी संपत्ति 92 लाख है।
इस बीच, कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन ने 47 सीटें जीत ली हैं और एक पर आगे चल रही है।अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद पहली बार जम्मू-कश्मीर में 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव हुए। भाजपा ने 27 सीटें जीतीं और दो पर आगे चल रही है। महबूबा मुफ्ती की पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) को तीन सीटें मिलीं। आप ने आश्चर्यजनक रूप से केंद्र शासित प्रदेश में अपना खाता खोला, डोडा में मेहराज मलिक ने जीत दर्ज की।
