उत्तर प्रदेश में उपचुनाव से पहले सरकार ने आयोग और निगम के गठन का काम शुरू कर दिया है। यूपी में राज्य महिला आयोग का गठन किया गया है। राज्य महिला आयोग का गठन करते हुए एक अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष और 25 सदस्यों के नामों की घोषणा की है। बबिता चौहान को आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव को उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही चारू चौधरी को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है। वह एक साल तक इस पद पर बनीं रहेंगी।
कौन हैं बबिता चौहान?
बबिता चौहान मूल रूप से आगरा की रहने वाली हैं। वह हरिपर्वत की प्रोफेसर कालोनी की रहने वाली हैं। बबिता चौहान पहले भी भारतीय जनता पार्टी में कई अहम पदों की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। बबीता चौहान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) महिला मोर्चा की उत्तर प्रदेश इकाई की उपाध्यक्ष हैं। वह यूपी बीजेपी कार्यकारिणी में सदस्य की भूमिका में भी जिम्मेदारी निभा रही हैं। बबिता चौहान सक्रिय राजनीति में होने के साथ ही समाजसेवी और स्वयंसेवी संगठनों से भी जुड़ी हुई हैं। वह खेरागढ़ से जिला पंचायत सदस्य भी हैं। बबिता चौहान के पति जितेंद्र चौहान लायंस क्लब इंटरनेशनल में इंटरनेशनल डायरेक्टर हैं। वह कई समाजसेवी संस्थाओं से भी जुड़े हैं।
2023 में शिकोदाबाद की मिली जिम्मेदारी
2023 में बबिता चौहान को पार्टी ने शिकोहाबाद की जिम्मेदारी दी। महिला मोर्चा में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। बता दें कि महिला आयोग अध्यक्ष पद के लिए बबिता चौहान और अपर्णा यादव का नाम आगे चल रहा था। बबिता चौहान ने पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलाकात भी की थी। इसके बाद उनके नाम पर मुहर लगी। सरकार की ओर से इसका नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है।
कौन हैं चारू यादव?
यूपी महिला आयोग में बीजेपी नेता चारू चौधरी को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वह मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली हैं। वह गोरखपुर की पूर्व मंजू चौधरी की बहू हैं। बता दें कि मंजू चौधरी भी राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। सरकार की ओर से महिला आयोग के सदस्य से रूप में जिन 25 नामों की घोषणा की गई है उनमें प्रियंका गांधी के लड़की हूं लड़ सकती हूं की पोस्टर गर्ल रही डॉ. प्रियंका मौर्य को भी शामिल किया गया है।