केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में नया विधानसभा अध्यक्ष चुन लिया गया है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक अब्दुल रहीम राथर को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर विधानसभा का पहला अध्यक्ष चुना गया है। अब्दुल रहीम चरार-ए-शरीफ से सात बार के विधायक हैं। प्रोटेम स्पीकर मुबारक गुल ने अध्यक्ष पद का चुनाव कराया और ध्वनिमत से अब्दुल रहीम को विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया।
विपक्षी दलों ने इस पद के लिए चुनाव न लड़ने का फैसला किया था। अब्दुल रहीम 80 साल के हैं। विधानसभा में कृषि मंत्री जावेद अहमद ने स्पीकर पद के लिए अब्दुल रहीम के नाम का प्रस्ताव पेश किया और नेशनल कॉन्फ्रेंस के ही विधायक अर्जुन सिंह ने प्रस्ताव का समर्थन किया। इसके बाद सदन के नेता उमर अब्दुल्ला और विपक्ष के नेता भाजपा के सुनील शर्मा ने नए अध्यक्ष को कुर्सी तक पहुंचाया।
पहले भी विधानसभा अध्यक्ष रह चुके हैं अब्दुल रहीम
बता दें कि अब्दुल रहीम पहले भी विधानसभा का अध्यक्ष पद संभाल चुके हैं। वह 2002 से 2008 तक जम्मू कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता भी थे। इस दौरान पीडीपी और कांग्रेस गठबंधन की सरकार थी। अब्दुल रहीम को नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेताओं में गिना जाता है। वह राज्य के वित्त मंत्री भी रह चुके हैं।
Jammu Kashmir: PDP ने फिर उठाई अनुच्छेद 370 की वापसी की मांग, विधायक के प्रस्ताव पर हुआ जमकर हंगामा
अब्दुल रहीम 1977 से लगातार 2014 तक नेशनल कॉन्फ्रेंस के टिकट पर बडगाम जिले के चरार-ए-शरीफ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतते रहे हैं। हालांकि साल 2014 में पीडीपी के उम्मीदवार गुलाम नबी लोन से वह चुनाव हार गए थे। इसके बाद 10 साल तक विधानसभा चुनाव नहीं हुए और अब 2024 विधानसभा चुनाव में अब्दुल राथर ने गुलाम नबी लोन को हराया है।
विधानसभा सत्र के दौरान हुआ हंगामा
इस बीच जम्मू कश्मीर विधानसभा सत्र के दौरान हंगामा भी हुआ। विपक्षी विधायकों ने हंगामा किया। जम्मू कश्मीर में 6 साल बाद विधानसभा का सत्र हो रहा है। इससे पहले साल 2018 में विधानसभा सत्र आयोजित किया गया था। हालांकि इसके बाद विधानसभा भंग कर दी गई थी और राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया था। विधानसभा में हंगामा इतना बढ़ गया कि मार्शलों को बुलाना पड़ा।