दिल्ली में 23 जनवरी को होने वाले ‘फुल ड्रेस रिहर्सल’ और गणतंत्र दिवस के दौरान कुछ मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास प्रतिबंधित रहेगा। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने गुरुवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। बयान के अनुसार, दोनों दिन केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन (गेट 3 और 4), उद्योग भवन (गेट 1), लाल किला (गेट 3 और 4) व जामा मस्जिद (गेट 3 और 4) पर प्रवेश या निकास प्रतिबंधित रहेगा।

डीएमआरसी ने बताया कि दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन के गेट 1, 4 और 5 पर प्रवेश और निकास बंद रहेगा, जबकि आइटीओ मेट्रो स्टेशन के गेट 3, 4 और 6 पर प्रतिबंध लागू रहेंगे। डीएमआरसी ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड के अभ्यास और मुख्य परेड के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए ये उपाय किए गए हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा की योजना तदनुसार बनाएं।

डीएमआरसी ने यात्रियों से स्टेशनों पर की जाने वाली घोषणाओं और आधिकारिक चैनल पर मिलने वाली जानकारियों का पालन करने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मेट्रो नेटवर्क के अन्य हिस्सों पर सेवाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होंगी। वैसे एक तरफ मेट्रो को लेकर अलग इंतजाम किए गए हैं, 26 जनवरी को लेकर पुलिस की चौकसी भी जबरदस्त रहने वाली है।

दिल्ली पुलिस गणतंत्र दिवस के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के तहत एकीकृत चेहरा पहचान प्रणाली (एफआरएस) से लैस ‘स्मार्ट चश्मे’ का उपयोग करेगी। एक अधिकारी ने बुधवार को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआइ) से लैस ये उपकरण अपराधियों और संदिग्धों के पुलिस डेटाबेस से जुड़े होंगे, जिससे जमीनी स्तर पर तैनात कर्मियों को उनकी तुरंत पहचान करने में मदद मिलेगी।