दो दिवसीय G20 शिखर सम्मेलन 2023 (G20 Summit 2023) 9 सितंबर को दिल्ली के प्रगति मैदान के भारत मंडपम में शुरू होगा। विभिन्न सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों तथा अन्य प्रतिनिधियों के साथ-साथ जी20 के आमंत्रित सदस्य शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली आएंगे। जिन लोगों के आने की उम्मीद है उनमें अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, यूके के पीएम ऋषि सुनक, कनाडाई पीएम जस्टिन ट्रूडो, जापानी पीएम फुमियो किशिदा और सऊदी अरब के राजा सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सऊद शामिल हैं।
शिखर सम्मेलन की तैयारियों के तहत दिल्ली सरकार ने शहर में स्थित सभी सरकारी कार्यालयों और शैक्षणिक निकायों को बंद रखने का आदेश दिया है। शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रमुख यातायात प्रतिबंध लागू हैं।
जानिए G20 शिखर सम्मेलन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी:
G 20 में कौन से देश शामिल: 1999 में स्थापित जी 20 के समूह में 19 देश शामिल हैं: अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, यूके और यूएस, और यूरोपीय संघ। जी20 शिखर सम्मेलन में कई ग्लोबल नेता शामिल होंगे, जो समूह का हिस्सा हैं। इस वर्ष 18वां जी20 शिखर सम्मेलन होगा और अध्यक्षता के लिहाज से भारत का पहला शिखर सम्मेलन होगा।
तीन दिनों तक इन चीजों पर पाबंदी: राष्ट्रीय राजधानी में आगामी जी20 शिखर सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजन के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सभी केंद्र सरकार के कार्यालय, बैंक और वित्तीय संस्थान 8 से 10 सितंबर तक बंद रहेंगे। वहीं दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि शहर के सभी शैक्षणिक संस्थान और सरकारी और निजी कार्यालय इन तीन दिनों के दौरान बंद रहेंगे।
कैसे मिलती है अध्यक्षता?: G20 की अध्यक्षता हर वर्ष इसके सदस्य देशों के बीच बदलती रहती है। G 20 समूह में 19 देश शामिल हैं, जबकि 20वां सदस्य यूरोपीय संघ है। प्रत्येक वर्ष किसी न किसी अलग देश को G20 की अध्यक्षता मिलती है। G20 की अध्यक्षता 1 वर्ष के लिए मिलती है और जिस देश को अध्यक्षता मिलती है, उसी देश में शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जाता है। सभी सदस्य देश दूसरे सदस्य देशों की सलाह लेते हुए और वैश्विक अर्थव्यवस्था को देखते हुए काम करते हैं।
दो समूहों में बंटा है G 20: G20 दो ट्रैकों में बंटा हुआ है। फाइनेंस ट्रैक और शेरपा ट्रैक। सदस्य देशों के वित्त मंत्री और केंद्रीय बैंक के गवर्नर फाइनेंस ट्रैक का नेतृत्व करते हैं जबकि शेरपा ट्रैक का नेतृत्व शेरपा करते हैं।
ट्रोइका क्या होता?: जो देश वर्तमान में G20 की अध्यक्षता करता है, वह पिछले और अगले अध्यक्ष पद ग्रहण करने वाले देश के साथ मिलकर ट्रोइका का निर्माण करता है। ऐसा इसलिए किया जाता है ताकि एजेंडे की निरंतरता बनी रहे। वर्तमान में इंडोनेशिया (2022), भारत (2023) और ब्राजील (2024) ट्रोइका का देश हैं। ट्रोइका में पिछले, वर्तमान और आगामी वर्ष में अध्यक्ष पद को ग्रहण करने वाले देश शामिल होते हैं।
G20 अध्यक्षता का विषय: भारत की G20 अध्यक्षता का विषय है वसुधैव कुटुंबकम और इसका थीम है “वन अर्थ, वन फैमिली और वन फ्यूचर”. यह विषय सभी प्रकार के जीवन मूल्य और पृथ्वी और ब्रह्मांड में उनके परस्पर संबंधों की पुष्टि करता है।