चुनाव प्रचार में नेताओं के अलग अलग रंग देखने को मिलते हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण से पहले भाजपा नेता मनोज तिवारी कोलकाता की गलियों में हाथ रिक्शा चलाते दिखे। मनोज तिवारी ने रिक्शा चालक को भी बिठाकर रिक्शा चलाया। इस दौरान आस पास से गुजर रहे लोग उन्हें रुक कर देखने लगे। 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के स्टार प्रचारक और सांसद मनोज तिवारी इन दिनों राज्य के अलग अलग हिस्सों में प्रचार अभियान के लिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मनोज तिवारी सोमवार को कोलकाता में हाथ रिक्शा चालकों से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपने हाथ से रिक्शा भी खींचा। साथ ही जब मनोज तिवारी रिक्शा खींच रहे थे तो रिक्शा चालक उसपर बैठे हुए थे। मनोज तिवारी को रिक्शा चलाता देख आसपास से गुजर रहे लोग उन्हें रुक कर देखने लगे। इस दौरान कई लोगों ने एक बिहारी सौ पर भारी जैसे नारे भी लगाए।

इसके अलावा मनोज तिवारी ने रिक्शा चलाते हुए कई पत्रकारों से बातचीत भी किया। एबीपी न्यूज से बातचीत करते हुए भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यह रिक्शा अमानवीय नहीं है बल्कि वह सरकार अमानवीय है जिन्होंने इन लोगों पर ध्यान नहीं दिया। आगे मनोज तिवारी ने कहा कि अगर यह सांस्कृतिक विरासत है तो क्यों ना थोड़ा इन्हें बढ़ावा दिया जाए। लेकिन इन लोगों का ध्यान ममता दीदी और उनकी टीएमसी की सरकार ने नहीं रखा।

साथ ही मनोज तिवारी ने हाथ रिक्शा चालकों के लिए कई चुनावी वादे भी किए। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि अगर हमारी सरकार बनेगी तो हम इन्हें जूता मुहैया कराएंगे और पांच लाख रूपये तक का आयुष्मान बीमा कराएंगे। इस दौरान मनोज तिवारी ने गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और उनकी पत्नी को भी हाथ रिक्शा पर बिठाकर रिक्शा चलाया। 

बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा में दो चरणों का मतदान हो चुका है। तीसरे चरण के लिए वोट 6 अप्रैल को डाले जाएंगे। इसके बाद 10 अप्रैल, 17 अप्रैल, 22 अप्रैल, 26 अप्रैल और 29 अप्रैल को अलग-अलग क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती 2 मई को की जाएगी। राज्य में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं।