Weather Forecast News Update on 1 July: भारी बारिश की वजह मणिपुर में स्थिति भयावह हो गई है। बता दें कि मणिपुर के नोनी जिले में भूस्खलन होने के चलते प्रादेशिक सेना (टेरिटोरियल आर्मी) के सात जवानों सहित 14 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा दर्जनों लोग लापता हैं। गौरतलब है कि यह भीषण हादसा बुधवार रात नोनी जिले के तुपुल यार्ड रेलवे कंस्ट्रक्शन कैंप के पास हुआ। वहीं खराब मौसम के चलते राहत बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।
भूस्खलन के चलते मलबे में लगभग 72 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। जिसमें प्रादेशिक सेना के 43 जवान शामिल हैं। वहीं डीजीपी पी डौंगेल ने जानकारी दी कि मलबे से 23 लोगों को निकाला गया, जिनमें से 14 की मौत हो गई। अधिक की तलाश की जा रही है। कितने दबे हुए हैं इसकी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अभी तक ग्रामीणों, सेना और रेल कर्मियों, मजदूरों सहित 60 लोगों को दफनाया गया है।
यूपी और उत्तराखंड में अलर्ट: भारी बारिश के बीच उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अलर्ट जारी किया गया है। बारिश की वजह से नदियों का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में बिजनौर और अमरोहा जैसे क्षेत्रों में लोगों को अलर्ट किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 1 जुलाई को यूपी के कई जगहों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है।
यूपी में लखनऊ और आसपास के जिलों में आज भी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 48 घंटों में राज्य भर में और बारिश होने की संभावना है। वहीं गाजियाबाद में शुक्रवार को आंधी-तूफान के साथ बारिश की आशंका जताई गई है।
वहीं मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अगले चार से पांच दिनों तक पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है। ऐसे में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को एक बैठक में फैसला लिया है कि उत्तराखंड आपदा संवेदनशील राज्य है और ऐसे में अगले तीन महीने के लिए अधिकारियों की छुट्टी केवल विशेष परिस्थितियों में ही स्वीकृत की जाएगी।
उत्तराखंड में बारिश के चलते सड़कों पर यातायात बहाल रखने के लिए PWD की तरफ से 396 जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं। जिसमें 200 मशीनें किराए पर ली गई हैं। बता दें कि राज्य में बारिश के कारण 394 सड़कें बंद हैं। जिसमें 299 सड़कों को खोला जा चुका है।
बारिश से मुंबई का हाल: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बारिश का असर यातायात के साधनों पर पड़ा है। मुंबई में गुरुवार शाम को भारी बारिश के चलते ट्रेन और बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं हैं। नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि मौसम की पहली भारी बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव देखा गया। वहीं बीएमसी का कहना है कि शहर और उपनगरों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। मुंबई में आज अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी से बेहद भारी बारिश की संभावना है।
बारिश की वजह से हिंदमाता, परेल, कालाचौकी, हाजी अली, डॉकयार्ड रोड, गांधी मार्केट और बांद्रा जैसे क्षेत्रों में कई सड़कों पर पानी भर जाने के कारण सड़क यातायात या तो धीमा हो गया या बंद हो गया। रेल यातायात की बात करें तो मध्य रेलवे लाइन पर कुर्ला से परेल खंड के बीच पटरियों पर पानी जमा होने और पश्चिम रेलवे मार्ग पर कुछ तकनीकी गड़बड़ियों के कारण मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
भारी बारिश के बीच कालबादेवी और सायन इलाकों में इमारत गिरने की दो घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि इसमें किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। लोगों को मौके से सुरक्षित निकाल लिया गया। वहीं मौसम विभाग ने एक और दो जुलाई को शहर के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान लगाया है। ऐसे इलाकों को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है।
दिल्ली का हाल: दिल्ली में बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि कहीं-कहीं जलभराव की भी स्थिति देखने को मिली है। बता दें कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहने का अनुमान है। इसके साथ ही आसमान में बादल और हल्की बारिश का भी पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना है।
गुजरात में राहत: मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को गुजरात के अहमदाबाद में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश भी हो सकती है। अहमदाबाद में आज न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहेगा।
झारखंड में बारिश का अनुमान: मौसम विभाग के अनुसार राज्य के देवघर, दुमका, रांची सराईकेला खरसावां, गढ़वा, गिरिडीह,पलामु, पश्चिम सिंघभूम जिले के कई हिस्सों में बारिश की आशंका है।