मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि इस पूरे हफ्ते देश के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। सोमवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय था और इसकी ट्रफ लाइन जैसलमेर, चित्तौड़गढ़ (राजस्थान), रायसेन, मंडला (मध्य प्रदेश), रायपुर (छत्तीसगढ़) और कलिंगपटनम (आंध्र प्रदेश) तक चली गई, जिसकी सामान्य स्थिति दक्षिण में थी।

गोवा और गुजरात में भारी बारिश की संभावना

मंगलवार और बुधवार को कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में भारी बारिश होगी। गुजरात और उत्तरी केरल से चल रही एक ट्रफ रेखा ने पिछले कुछ दिनों से पश्चिमी तट पर मानसून को सक्रिय रखा है। वीकेंड के दौरान मुंबई और उपनगरों में भारी बारिश हुई, जिससे सोमवार को शहर का सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। रविवार को शहर में 24 घंटे में अधिकतम 270 मिमी बारिश दर्ज की गयी।

आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि दक्षिणी भारत, तटीय कर्नाटक और केरल में शुक्रवार तक भारी बारिश होगी। वहीं शुक्रवार तक भारी वर्षा तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, यानम (पुडुचेरी) और तेलंगाना में भी होगी। असम को बारिश से कोई राहत नहीं मिली है, जहां पिछले कुछ दिनों में बाढ़ से 50 से अधिक लोगों की मौत हो गई है।

नार्थ ईस्ट में भी भारी बारिश का अनुमान

शुक्रवार तक सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश का अनुमान है। पूर्वी राज्यों बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में भी इस हफ्ते समान तीव्रता वाली बारिश होगी।

इस हफ्ते उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य भारत के कुछ इलाकों में गरज और बिजली की मार पड़ेगी। शुक्रवार तक हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, लद्दाख-जम्मू और कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। मंगलवार और गुरुवार के बीच उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी है।

मुंबई में हाई टाइड की संभावना

मुंबई में लगातार बारिश हो रही है। बारिश से लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। इस बीच मुंबई के तट पर समुद्र में हाईटाइड की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि समुद्र से उठने वाली लहरों की ऊंचाई करीब 4.40 मीटर तक ऊंची हो सकती है। मौसम विभाग ने दोपहर 2 बजे हाई टाइड की संभावना जताई थी। वहीं इसके बाद रात 1:41 बजे समुद्र में ऊंची लहरें उठने की संभावना जताई गई है। रात में 3.78 मीटर तक लहरी ऊंची उठ सकती है।