हरियाणा और पंजाब में रविवार (22 दिसंबर) को भी ठंड का प्रकोप जारी रहा, वहीं हरियाणा के नारनौल में 4.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि धुंध के कारण दोनों राज्यों में कई जगहों पर सुबह बेहद कम दृश्यता रही। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों राज्यों में नारनौल सबसे अधिक ठंडा स्थान रहा जहां रात में तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जबकि भिवानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं दिल्ली में ठंड के साथ कोहरा देखने को मिला है।

पंजाब के लुधियाना पड़ी सबसे ठंडः करनाल में भी न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रोहतक, सिरसा और हिसार में 7.2 डिग्री सेल्सियस, 7.6 डिग्री सेल्सियस और 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, अंबाला में न्यूनतम तापमान सामान्य के भीतर 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब में लुधियाना सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस जबकि पटियाला में यह 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

National Hindi News 22 December 2019 Live Updates: देश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

चंडीगढ़ समेत दिल्ली में भी बढ़ी ठंडः बता दें कि आदमपुर (6.1), बठिंडा (5.9), फरीदकोट (5.5), हलवारा (5.9) और गुरदासपुर (5.5) में रात में बेहद ठंड महसूस की गई। दोनों राज्यों की राजधानी एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह कोहरे का हल्का-फुल्का असर रहा और न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस समय के लिए सामान्य है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि पालम वेधशाला में दृश्यता 300 मीटर दर्ज की गई जबकि सफदरजंग में यह 700 मीटर दर्ज की गई।

आने वाले दिनों में बढ़ सकती है ठंडः रविवार को अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के मौसम में दिन भर आसमान साफ रहने का अनुमान जताया जा रहा है। साथ ही अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है। वहीं, वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। वहीं आने वाले दिनों में ठंड के और बढ़ने के आसार हैं।