गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में घना कोहरा छाया हुआ है। भीषण ठंड के बीच 26 जनवरी की परेड कर्तव्यपथ पर होगी। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार 26 जनवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमामन 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
अगले दो दिनों तक उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को इंडिया गेट पर न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। वहीं लाल किले पर न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए अगले दो दिनों तक अलर्ट जारी किया है। यानी अगले दो दिनों तक उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
मौसम की स्थिति बताने वाली एजेंसी स्काईमेट के अनुसार पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में सुबह और रात के दौरान घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, ओडिशा और नार्थईस्ट के कुछ हिस्सों में भी घना कोहरा रह सकता है। मध्य प्रदेश में भी कोल्ड डे की स्थिति हो सकती है।
हिमाचल में 5 दिनों तक बारिश और बर्फबारी होने के आसार
हिमाचल प्रदेश में अगले 5 दिनों तक बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल में 25 से 27 जनवरी तक प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होगी। इसके अलावा 28 और 29 जनवरी को ज्यादा क्षेत्रों के साथ साथ मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में भी बारिश बर्फबारी की संभावना है।
बिहार में भी कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में अगले 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस कि बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। अगर ऐसा होता है तो ठंड से लोगों को राहत मिलेगी। बिहार में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार 29 जनवरी तक यहां कड़ाके की ठंड पड़ेगी। साथ ही घना कोहरा भी छाए रहने का अनुमान जताया गया है।