Weather Today, 14 February: उत्तर भारत समेत देशभर में मौसम आंख-मिचौली खेल रहा है। सुबह के समय ठंड का अहसास होता है। वहीं, दिन में धूप खिलने के बाद मौसम सामान्य हो जाता है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज यूपी, बिहार और झारखंड में तेज हवा और हल्की बारिश के आसार हैं। आईएडी ने पूर्वी भारत के अलग-अलग हिस्सों में ओलावृष्टि के साथ तूफान की गतिविधि होने की भी संभावना है।
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज मौसम के हाल की बात करें तो आज हल्की बारिश की उम्मीद जताई गई है। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। राजधानी में मंगलवार सुबह तापमान 11 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया और शहर के ज्यादातर हिस्सों में थोड़ी धुंध छा गई थी। दिल्ली में आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना है।
इन राज्यों में बारिश की संभावना
आईएमडी ने बताया कि आज यानी 14 फरवरी को यूपी, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज हवा के साथ हल्की बौछार हो सकती है। साथ ही, कुछ जगहों पर बिजली गिरने की भी आशंका है। वहीं, अगर बात की जाए दक्षिण भारत के राज्यों की तो वहां पर तमिलनाडु और ओडिशा में हल्की बौछारें लोगों को भिगा सकती हैं। पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में आज सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। हिमाचल प्रदेश में शीतलहरी की स्थिति बनी हुई है।
बिहार में भी लोगों को हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। राजधानी पटना में आज न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। वहीं, अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पूरे दिन पारा का स्तर 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। वहीं, महाराष्ट्र के मौसम के मिजाज में भी काफी बदलाव देखने को मिले हैं।