पिछले कई दिनों से देश के कई राज्यों में हीट वेव चल रही थी। लेकिन मंगलवार से तापमान में कुछ गिरावट हुई है, जिससे लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई थी। जम्मू, चंडीगढ़, हैदराबाद, भुवनेश्वर में बुधवार को बारिश हुई जिससे तापमान में गिरावट हुई है और लोगों को राहत मिली है। बुधवार तड़के सुबह ओडिशा के भुवनेश्वर और आस पास के इलाकों में बारिश हुई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं देश के 10 से अधिक राज्यों में बारिश की आशंका जताई गई है।
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बुधवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने की संभावना है और इसकी वजह से तेज आंधी भी चल सकती हैं। मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया है कि पंजाब, हरियाणा, यूपी और राजस्थान में कम दवाब का क्षेत्र बना हुआ है। जिसके कारण अगले दो दिनों तक कई इलाकों में तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चलेगी। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। वहीं कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी संभव है।
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि उत्तरप्रदेश के कुछ इलाके, बिहार, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और अन्य राज्यों में भी बुधवार को बारिश हो सकती हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं बिहार में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। बिहार के 25 से अधिक जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे आम आदमी को गर्मी से राहत मिल सकती है। कुछ जगहों पर ओले भी पड़ सकते हैं।
अप्रैल 2022 में देश भर में मासिक औसत अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सामान्य तापमान 33.94 डिग्री सेल्सियस था। अप्रैल महीने में मासिक औसत अधिकतम तापमान 2010 में 35.42 डिग्री सेल्सियस और 2016 में 35.32 डिग्री दर्ज किया गया था। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार पिछले महीने की अधिकांश रातें भी सामान्य से अधिक गर्म थीं।
मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि उत्तर-पश्चिम, पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले 5 दिनों के दौरान हीट वेव चलने की आशंका नहीं है। लेकिन 5 दिनों के बाद मौसम में फिर से 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो जाएगी।