Weather Today, 12 February: हाड कंपा देने वाली सर्दी से लगभग राहत मिल चुकी है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड पड़ रही है। वहीं, दिन में चमकती हुई धूप से ठंड का एहसास भी कम होता हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने मध्य और उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार आज देश के कई राज्यों में बारिश होने की उम्मीद है।

आईएमडी के अनुसार दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर भारत में 16 फरवरी ठंड का असर बरकरार रहने की उम्मीद है। साथ ही, राजस्थान, पंजाब, दिल्ली एनसीआर में बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।

यूपी समेत इन राज्यों में भी बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। इसकी वजह से दो दिन तक बारिश के आसार बनते हुए नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने आज भी कई हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश और पूर्वी यूपी में ओले गिरने की संभावना जताई गई है। बारिश के कारण लोगों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ठंडी हवाओं के चलते तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी।

वहीं, बिहार में भी 15 फरवरी तक मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान राज्य की राजधानी पटना सहित दक्षिण बिहार के ज्यादातर हिस्सों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने किसानों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।

हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग भागों में शीतलहर का कहर जारी है। वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर और मराठवाड़ा, तेलंगाना, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम मध्य प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई।