Weather Update Today,Aaj Aur Kal ka Mausam Kaisa Rahega: देशभर में मौसम का मिजाज कुछ बदला-बदला है। ज्यादातर राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ऐसे में आईएमडी ने एक गुड न्यूज दी है। मौसम विभाग ने कहा कि कई राज्यों में आने वाले दो दिनों के दौरान हल्की बारिश के आसार हैं। साथ ही, कई राज्यों में ओलावृष्टि होने की भी उम्मीद है।
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी पारा चढ़ता जा रहा है। गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। वहीं, आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है और न्यूनतम तापमान भी 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा। हालांकि, आज भी गर्मी से कोई राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। लेकिन कल यानी कि 13 अप्रैल से मौसम बदलेगा। रात के समय में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं।
इन राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, 12 से 13 अप्रैल के दौरान मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा 13 अप्रैल को पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, बिहार और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में गरज के साथ हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। इस दौरान बिजली गिरने की भी भविष्यवाणी की गई है।
आईएडी ने कहा कि 13-15 अप्रैल तक कर्नाटक, तेलंगाना, केरल, कर्नाटक,आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी समेत कई जगहों पर हल्की बारिश होगी। इतना ही नहीं, इस दौरान तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। साथ ही, यूपी, पंजाब और हरियाणा में 13 से 15 अप्रैल तक गरज, बिजली और आंधी के साथ तेज बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में भी बारिश की संभावना
हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को एक ताजा सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव की वजह से बारिश, बर्फबारी और तूफान का अनुमान है। आईएमडी ने राज्य के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हिमाचल के कुल्लु, कांगड़ा, मंडी और चंबा में ओलावृष्टि के भी आसार बने हुए हैं। वहीं, अब बात की जाए देवभूमि उत्तराखंड की तो यहां पर सूरज और बादलों की आंख मिचौली जारी है। कभी धूप हो रही है तो कभी बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने राज्य में शनिवार को गरज चमक के साथ बौछार और ओलावृष्टि की भविष्यवाणी की है। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।