दिल्ली में ठंड का सितम बढ़ गया है। ज्यादातर स्थानों पर मंगलवार को शीतलहर की स्थिति रही। हालांकि, धूप से कुछ राहत मिली लेकिन रात और सुबह लोगों को तेज हवाओं का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच भी दिल्ली में कड़ाके की सर्दी का मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भी शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 16 जनवरी से से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग ने 15 से लेकर 19 जनवरी तक दिल्ली में सुबह के वक्त हल्के से मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई है। 19 जनवरी तक दिल्ली एनसीआर में आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही बरकरार रहेगी। दिल्ली में 15 और 16 जनवरी को दोपहर के वक्त 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड में सर्द हवाएं चलने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली 16 जनवरी से न्यूनतम तापमान में क्रमश: बढ़ोतरी के आसार भी बन रहे हैं।

दिल्ली में ठंड का कहर

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस के साथ 20.6 डिग्री रहा। इसके अलावा, न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से 4.4 डिग्री कम रहा। अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है। पालम निगरानी केंद्र पर अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई, जहां यह सामान्य से 3.2 डिग्री कम 16.5 डिग्री रहा। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री दर्ज हुआ। लोधी रोड पर भी न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री और आयानगर में 3.2 डिग्री रहा।

पढ़ें- उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, राजस्थान और हरियाणा में पारा शून्य के करीब

दिल्ली की हवा में नहीं कोई सुधार

पिछले दो दिनों से ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज हो रही दिल्ली की हवा मंगलवार को एक बार फिर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गई है। यही नहीं दिल्ली के छह निगरानी केंद्र ऐसे रहे, जहां वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी यानी 400 से अधिक दर्ज की गई। मंगलवार सुबह 9 बजे दिल्ली की वायु गुणवत्ता 347 रही, जोकि शाम 5 बजे 362 तक पहुंच गई जोकि ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। जबकि 11 जनवरी को वायु गुणवत्ता 291 और 12 जनवरी को 297 दर्ज की गई थी।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ऐप ‘समीर’ के अनुसार, सर्वाधिक प्रदूषित इलाका दिल्ली में मंगलवार को आनंद विहार रहा, यहां वायु गुणवत्ता 436 दर्ज की गई जोकि ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। इसके अलावा द्वारका सेक्टर-8 में 426, जहांगीरपुरी 407, नेहरू नगर 416, एनएसआइटी 411 और रोहिणी में एक्यूआई 406 दर्ज किया गया।

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजस्थान और हरियाणा में कई जगह पारा शून्य के करीब दर्ज किया गया जबकि राजधानी दिल्ली में न्यूतनम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। IMD ने आने वाले दिनों में उत्तर भारत में भीषण ठंड और घना कोहरा जारी रहने की चेतावनी दी है।

पंजाब के नवांशहर के बल्लोवाल सौंखरी में तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया गया जबकि चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री रहा जो पिछले 9 वर्षों में सबसे कम है। हरियाणा में हिसार और नारनौल का न्यूनतम तापमान क्रमश: 1.5 डिग्री और 1.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके साथ ही अनुमान लगाया है कि कश्मीर में 16 जनवरी से एक पश्चिमी विक्षोभ के आने की आशंका है। इससे घाटी में हल्की से मध्यम बर्फबारी का नया दौर शुरू हो सकता है। हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति के कुकुमसैरी का तापमान -7.4 डिग्री सेल्सियस और ताबो का -7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पढ़ें-  दिल्ली में अभी और बढ़ेगी ठंड