Weather Update Today: तापमान में गिरावट के साथ मौसम में ठंडापन आने लगा है। रात और सुबह-शाम के तापमान में और दिन के तापमान में साफ अंतर भी दिख रहा है। इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर में कई जगह प्रदूषण का लेवल भी बढ़ गया है। रविवार को नोएडा में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) काफी गिर गया और वह ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। इससे विजिबिलिटी भी काफी कम रही है। दिल्ली समेत आसपास हल्की बारिश की भी संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।
दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 245 रहा
दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 245 रहा। एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
उपराज्यपाल ने पंजाब और हरियाणा के सीएम को लिखा पत्र
इस बीच दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर उनके राज्यों में पराली जलाने की घटनाओं में वृद्धि पर चिंता जतायी और उनसे राष्ट्रीय राजधानी को सर्दियों के मौसम में बढ़ते वायु प्रदूषण से बचाने के लिए उपाय करने के लिये कहा।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लिखे पत्र में सक्सेना ने कहा कि यह ‘‘बेहद चिंताजनक’’ है कि 15 सितंबर से 11 अक्टूबर के बीच पराली जलाने की घटनाएं 1,063 तक पहुंच गई हैं – जो पिछले साल इसी अवधि की तुलना में 300 अधिक है। सक्सेना ने पिछले साल भी मान को पत्र लिखा था जब केंद्र शासित प्रदेश की सीमा के बाहर से आने वाले धुएं के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली प्रदूषण के चपेट में थी।
शनिवार को राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री हो गया। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। हवा में नमी का लेवल 44 से 93 प्रतिशत तक रहा। रविवार को हलका बादल छाए रह सकते हैं। इसकी वजह से दिन के तापमान में एक डिग्री तक की कमी आ सकती है।