देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदलने वाला है। राजधानी दिल्ली समेत मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में आगामी तीन दिनों तक झमाझम बारिश होने का अनुमान है। पिछले कई दिनों से मौसम में उमस देखने को मिल रहा है। बारिश होने के बाद लोगों को राहत मिलने वाली है। इसके साथ ही राजस्थान और यूपी के कुछ इलाकों में भी लोगों को बारिश से राहत मिल सकती है। बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों में पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, असम, झारखंड और पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों के साथ बिहार, हिमाचल प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में बारिश हो सकती है।
राजधानी दिल्ली का मौसम
पिछले कई दिनों से राजधानी में बारिश नहीं होने की वजह से लोग उमस भरी गर्मी झेल रहे हैं। हालांकि इस सप्ताह बारिश होने की पूरी संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो 23 अगस्त को हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि 24, 25 और 26 अगस्त को अच्छी बारिश होने वाली है। वहीं इस सप्ताह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश प्रदेश में पिछले कई दिनों से बारिश हो रही है। उत्तराखंड में गुरुवार को देहरादून, बागेश्वर, टिहरी गढ़वाल, उधम सिंह नगर इलाकों में तेज बारिश हुई है। पहाड़ी इलाकों की वजह से राज्य में मौसम ठंडा हो चुका है। भारी बारिश की वजह से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन भी होने का अनुमान है। वर्तमान की परिस्थितियों को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
यूपी में मानसून फिर होगा एक्टिव
यूपी में मानसून एक बार फिर से एक्टिव होने का अनुमान है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत राज्य के हर किनारे पर इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है। बुंदेलखंड के बांदा, चित्रकूट, झांसी, ललितपुर आदि इलाकों बारिश हो सकती है। तो वहीं प्रयागराज, वाराणसी, देवरिया, मिर्जापुर समेत राज्य की सभी जिलों में बारिश हो सकती है।