हिमाचल प्रदेश में फिर से बर्फबारी हुई और उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में शीत लहर जारी रही। सोमवार (16 दिसंबर) को दिल्ली में अधिकतम तापमान मौसम के औसत से 10 डिग्री सेल्सियस कम रहा। उधर भारी कोहरे के कारण चंडीगढ़ में कई उड़ानें बाधित हो गईं। जम्मू-कश्मीर का द्रास सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 27.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। बता दें कि खराब मौसम की वजह से गुवाहाटी आने जाने वाली सात उड़ानें सोमवार को रद्द कर दी गई है।

उत्तर भारत में शीत लहर, शिमला में रात भर हुई बर्फबारीः दिल्ली के लोगों ने सोमवार को भी शीतलहर का सामना किया। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारी ने यह भी बताया कि मंगलवार (17 दिसंबर) तक शहर में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। शहर में कई स्थानों पर कोहरे के कारण आस पास दिखाई देना कम हो गया है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रात भर ताजा बर्फबारी हुई और केलांग, कल्पा, मनाली और कुफरी में शून्य के करीब तापमान पर लोग ठिठुरते रहे।

Hindi News Today, 17 December 2019 LIVE Updates: बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

कई जगहों पर शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआः मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा पिछले 24 घंटों के दौरान शिमला में 7.3 सेमी बर्फबारी हुई। शहर में सोमवार को लगातार तीसरे दिन बर्फबारी हुई। पर्यटन स्थल मनाली में शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ शीत लहर की स्थिति बनी रही। वहीं कुफरी में पारा शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में सबसे कम तापमान लाहौल-स्पीति के प्रशासनिक केंद्र कीलोंग में शून्य से 14.9 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज किया गया है।

शिमला में आगे हो सकती बारिश और बर्फबारी- मौसम विभागः हिमाचल के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों जैसे शिमला में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस, चंबा में 1 डिग्री सेल्सियस, सोलन में 1.2 डिग्री सेल्सियस और डलहौजी में 1.5 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 19 से 21 दिसंबर तक राज्य में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है।

द्रास को बताया गया सबसे ठंडा स्थानः जम्मू और कश्मीर और लद्दाख के अधिकांश हिस्सों में, सोमवार को पारा और नीचे गिर गया। वहीं द्रास इस क्षेत्र में सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसमविदों ने मैदानी इलाकों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुष्क मौसम का पूर्वानुमान जताया है। वहीं जम्मू-कश्मीर का द्रास सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 27.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है।

बर्फबारी से तापमान में आई गिरावटः मौसमविदों के अनुसार लद्दाख के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 16.7 डिग्री नीचे रहा। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में पिछले सप्ताह हुई बर्फबारी से क्षेत्र के तापमान में गिरावट आई है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 5.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट का न्यूनतम तापमान शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कश्मीर में सबसे ठंडा रहा। इसके साथ दक्षिण कश्मीर के पहलगाम पहाड़ी रिसॉर्ट में तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

राजमार्गों पर फंसे हैं तीर्थयात्रीः मामले में प्रवक्ता ने बताया कि रियासी जिले में वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए आधार शिविर के रूप में कार्य करने वाले कटरा शहर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारियों ने कहा कि उत्तराखंड में कई पर्यटक ऊंचाई पर स्थित राजमार्गों पर फंसे हुए हैं। बर्फबारी से नारायण बगड़, जोशीमठ और टिहरी के दर्जनों गांवों में बिजली की चली गई है, जो अभी तक बहाल नहीं की गई है।

पठानकोट और चंडीगढ़ में कोहरे की मारः पंजाब के पठानकोट और चंडीगढ़ में सोमवार 9.9 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। पंजाब और हरियाणा के मैदानी इलाकों में दिन का तापमान सामान्य सीमा से 7-11 डिग्री नीचे चला गया। पंजाब और हरियाणा में चंडीगढ़ सहित कई अन्य स्थानों की सुबह कोहरे से ढंकी हुई थी। चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान सामान्य से 11 डिग्री कम दर्ज किया गया। बता दें कि पठानकोट का अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम दर्ज किया गया।

खराब मौसम से कई उड़ानें रद्दः हरियाणा के हिसार में अधिकतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 12.5 डिग्री सेल्सियस, करनाल 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकांश स्थानों पर रात का तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। खराब मौसम और खराब दृश्यता के कारण चंडीगढ़ में कई उड़ानें बाधित हुईं। मौसम विभाग ने कहा है कि राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी हुई है। रविवार रात को न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार अन्य जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से ऊपर रहा। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम की स्थिति वैसी ही रहेगी।

कई उड़ानें रद्दः एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि गुवाहाटी आने वाली तीन उड़ानें– अगरतला-गुवाहाटी, दिल्ली-गुवाहाटी और पासीघाट-अगरतला-गुवाहाटी तथा गुवाहाटी से जाने वाली चार उड़ानें गुवाहाटी-कोलकाता, गुवाहाटी-अगरतला, गुवाहाटी -दिल्ली और गुवाहाटी-त्रिपुरा कानून व्यवस्था के मद्देनजर इनको रद्द कर दी गई हैं। अगरतला बेंगलुरु हमसफर एक्सप्रेस समेत कम से कम तीन ट्रेनें को भी रद्द कर दी गई है।

ट्रेनों भी हुई रद्दः पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शुभानन चंदा ने बताया कि खराब मौसम के कारण रद्द कर दी गई ट्रेनों में न्यू जलपाईगुड़ी-हावड़ा शताब्दी एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी-सियालदह दार्जिलिंग मेल, गुवाहाटी हावड़ा सरायघाट एक्सप्रेस, न्यू अलीपुरदुवार सियालदह पदातिक एक्सप्रेस, कटिहार-हावड़ा एक्सप्रेस शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में रेलवे की संपत्तियों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और सामान्य ट्रेन यातायात बहाल करने के लिए काम चल रहा है।