Weather Update Today: देश के कुछ राज्यों में अगले तीन दिनों तक मौसम में तेज गतिविधियां देखने को मिलेंगी। आने वाले कुछ दिनों में उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। तो वहीं दिल्ली – एनसीआर समेत कई इलाकों में धीरे-धीरे ठंड भी बढ़ रही है। शुक्रवार की सुबह दिल्ली के न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 13 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। वहीं रविवार को नई दिल्ली में बारिश भी हो सकती है।
केवल दिल्ली में ही नहीं बल्कि दिल्ली के आसपास के इलाकों में भी तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। गाजियाबाद में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 21 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। हालांकि आसमान साफ रहेगा, लेकिन आने वाले दिनों में दिल्ली में ठंड बढ़ेगी।
लखनऊ में छाया कोहरा
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार सुबह कोहरा छाया रहा। वहीं शनिवार और रविवार को भी कोहरा छाया रह सकता है। लेकिन दिन में आसमान एकदम साफ रहेगा। लखनऊ में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तो वहीं अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस किया जा सकता है।
इन राज्यों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ के साथ-साथ बंगाल और उड़ीसा से मानसून वापस चला जाएगा। हिमाचल और पंजाब में भी हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है। तो वहीं 14 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में दो दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बताई गई है। वहीं अगले 5 दिनों तक अंडमान और निकोबार दीप समूह में बारिश होने की संभावना जताई गई है।